Faridabad/Atulya Loktantra : हरियाणा का रेडजोन फरीदाबाद अब कोरोना का हाट स्पॉट भी बन चुका है। जिले में तेजी से कोरोना पॉजीटिव आ रहे हैं। बुधवार को कोरोना मरीजों का इस जिले में नया रिकार्ड बना। एक ही दिन में करीब 16 मरीजों के सामने आने से फरीदाबाद में कोरोना पॉजीटिव की संख्या 133 पर पहुंच गई है। जोकि इस जिले के लिए शुभ संकेत नहीं है। ऐसा लगने लगा है कि जैसे शहर में हर जगह कोरोना कैरियर घूम रहे हैं।
बुधवार की सुबह कोरोना पॉजीटिव की संख्या 119 थी, जोकि शाम होते होते बढक़र 133 पर पहुंच गई। बुधवार रात को जारी लिस्ट में नहरपार भारत कालोनी से 45 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजीटिव पाया गया है। यह एक निजी अस्पताल में भर्ती था। दूसरा मरीज गांव मोहला से है, यह हाल ही में मुंंबई से आया था। सैक्टर 10 से एक बुजुर्ग महिला भी शामिल है। सैक्टर 62 से एक ही परिवार के तीन लोग भी इस सूची में हैं, इस परिवार में महिला सहित उसके दो बच्चियों को पॉजीटिव पाया गया है।
एसजीएम नगर से तीन लोग है, जिनका संबंध जमात से है। यह तीनों महाराष्ट्र के सांगली से फरीदाबाद आए हैं। एनआईटी नंबर -5 में रहने वाले एक व्यक्ति को भी इसमें शामिल किया गया है। यह व्यक्ति अलीगढ़ से संबंधित है। इनमें सैक्टर 17 से एक पुलिसकर्मी भी पॉजीटिव पाया गया है। दुखद बात तो यह है कि इस लिस्ट में एक साल के एक बच्चे को भी कोरोना पॉजीटिव पाया गया है, जोकि आदर्श कालोनी मुल्ला होटल एसजीएम नगर का रहने वाला है। तिलपत गांव, सैक्टर 8 सिही तथा डबुआ कालोनी से भी एक-एक पॉजीटिव पाए गए हैं। इस तरह से बुधवार को फरीदाबाद में कोरोना पॉजीटिव मरीजों की सूची ने प्रशासन के भी होश उड़ाकर रख दिए हैं। लेकिन साथ ही शहरवासियों के लिए भी यह संकट कभी भी बड़ा रूप ले सकता है।