राजस्थान में शुक्रवार को मानसून अपने तय समय से 4 दिन पहले विदा हो गया। मध्य प्रदेश के 11 जिलों से मानसून की वापसी हो गई है। हालांकि, दोनों राज्यों में बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में शनिवार से 30 सितंबर तक तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
तेलंगाना के कई हिस्सों में शुक्रवार से मूसलाधार बारिश जारी है। हैदराबाद में रात भर मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में 2-3 फीट तक पानी भर गया। अधिकारियों ने हिमायत सागर जलाशय के गेट खोल दिए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
चादरघाट के पास मूसी नदी उफान पर आ गई। नदी के आसपास, निचले इलाके डूब गए। नदी किनारे बने मकान पहली मंजिल तक पानी में डूब गए। कई कॉलोनियां जलमग्न हैं। हैदराबाद के महात्मा गांधी बस स्टैंड (MGBS) में भी पानी भर गया। बसों का संचालन बंद है।
हैदराबाद में सड़कों पर पानी भरने से गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हैं। कई इलाकों में सुबह से ट्रैफिक जाम लगा है। ऑफिस जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर में अब तक लगभग 1,000 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।
महाराष्ट्र में बाढ़ग्रस्त मराठवाड़ा के कई इलाकों में शनिवार को सुबह से बारिश हो रही है। इससे कई सड़कें और पुल जलमग्न हो गए। कई गांवों का संपर्क टूट गया है। बीड, लातूर, धाराशिव, नांदेड़, परभणी और हिंगोली जिलों के कई हिस्सों में सुबह 8 बजे तक 24 घंटों में 65 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
परभणी जिले के गंगाखेड़ में एक दिन में सबसे ज्यादा 143 मिमी बारिश हुई। हिंगोली जिले के कलमनुरी और वासमत तालुका में भारी बारिश से तीन गांव जलमग्न हो गए। वासमत तालुका के चौंधी बहिरोबा और कलमनुरी के बिबथर और कोंढुर दिग्रस गांव भारी बारिश के कारण संपर्क से कट गए हैं।
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को मानसून लौट गया। राज्य में 20 जून को मानसून की एंट्री हुई थी। इस मानसून सीजन 1,023 mm बारिश हुई, जो सामान्य से 40% ज्यादा है।
राज्य में 47 बादल फटने, 98 बाढ़ और 148 लैंडस्लाइड की घटनाएं हुईं। इनमें 454 लोगों की मौत हुई। 498 घायल हुए और 50 अभी भी लापता हैं।
महाराष्ट्र में भी अगले तीन दिनों के दौरान तेज बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने 27 से 29 सितंबर के बीच मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और विदर्भ क्षेत्र में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। सरकार ने इस दौरान लोगों से सतर्क रहने के लिए एडवाइजरी जारी की है।

