Lucknow News Today: अमेठी जिले के गौरीगंज से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह का हजरतगंज में जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर पिछले चार दिनों से धरना जारी है। आज विधायक राकेश प्रताप सिंह से धरना स्थल पर मिलने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, राजेंद्र चौधरी के साथ तमाम नेता पहुंचे। राकेश प्रताप सिंह ने जीपीओ पर प्रेस वार्ता कर कहा कि यह सरकार हमारी मांगों को नहीं सुन रही जनता इस सरकार से त्रस्त है और अब वह कल से आमरण अनशन शुरू करेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित करते हुए सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम और राजेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा की योगी सरकार जनप्रतिनियों के जनहित की मांगों की भी उपेक्षा कर रही है। सरकार सदन में आश्वासन के बावजूद उनकी मांगों के अनुरुप कार्य नहीं कर रही है। दोनों नेताओं ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस धरने का समर्थन किया है। लोकतंत्र में भाजपा की आस्था नहीं है। सदन में दिए आश्वासन का भी सम्मान यह सरकार नहीं कर रही। किसानों, जनता के साथ भाजपा सरकार धोखा कर रही है। उन्होंने कहा की राकेश प्रताप सिंह की मांगों को सपा का पूरा समर्थन है। सपा की 2022 में सरकार बनेगी तो इन मांगों पर कार्रवाई होगी।