उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की ओर से पेश की गई नई जनसंख्या नीति (Population Control Bill) के बाद अब संसद के मानसून सत्र (Parliament Monsoon Session) में भी जनसंख्या नियंत्रण कानून के लिए आवाज बुलंद करने की तैयारी है। भाजपा के कई राज्यसभा सदस्य जनसंख्या नियंत्रण कानून के लिए प्राइवेट मेंबर बिल पेश करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। भाजपा सांसद राकेश सिन्हा (Rakesh Sinha) की ओर से जनसंख्या नियंत्रण कानून के लिए प्राइवेट मेंबर बिल पहले ही पेश किया जा चुका है। जानकारों का कहना है कि इस बिल पर 6 अगस्त को चर्चा कराई जा सकती है। संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलने वाला है।
इस बीच एनडीए में शामिल जदयू (JDU) का रुख इस मामले में कुछ दूसरा ही नजर आ रहा है। बिहार (Bihar) के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाने का योगी का आइडिया पसंद नहीं आया है। उनका कहना है कि कानून बनाकर जनसंख्या को नियंत्रित नहीं किया जा सकता। इसके लिए लोगों को जागरूक बनाना और शिक्षित करना जरूरी है।
चुनाव लड़ने पर लगाई जाए रोक
भाजपा सांसद राकेश सिन्हा की ओर से पेश किए गए प्राइवेट मेंबर बिल में कहा गया है कि दो से ज्यादा बच्चे होने पर संबंधित व्यक्ति के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी जाए। ऐसा कानून बनाया जाए कि ऐसे लोग विधानपरिषद या राज्यसभा के सदस्य भी न बन सकें। उनके बिल में यह भी कहा गया है कि दो से ज्यादा बच्चे वाले लोगों को बैंक में इंटरेस्ट रेट भी कम मिलना चाहिए और साथ ही उनकी सब्सिडी भी बंद कर दी जानी चाहिए।