महाविकास अघाड़ी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार के बारे में पूछे जाने पर शिवसेना (UBT) नेता उद्धव ठाकरे ने कहा कि यह चुनाव MVA और महायुति के बीच मुकाबला होगा। पहले महायुति अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार बताए, फिर हम कैंडिडेट बताएंगे।
वहीं, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (SCP) प्रमुख शरद पवार ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र के लोग बदलाव चाहते हैं और उन्हें भरोसा है कि विधानसभा चुनाव के नतीजों में इसका असर दिखेगा।
मुंबई में महाविकास अघाड़ी (MVA) की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शरद पवार ने कहा कि पहले महाराष्ट्र का प्रशासन देश में सबसे अच्छा माना जाता था, लेकिन अब यह कमजोर हो गया है। हम लोगों को मौजूदा सरकार से छुटकारा दिलाना चाहते हैं और मुझे उम्मीद है कि लोग हमारा सपोर्ट करेंगे।
शरद पवार बोले- मोदी ने बंजारा समाज के बारे में गलत जानकारी दी
शरद पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंजारा समाज के बारे में गलत जानकारी दी। उन्होंने ‘बंजारा विरासत’ के उद्घाटन के दौरान दावा कियाथा कि कांग्रेस और पिछली सरकारों ने बंजारा समाज को कोई अवसर नहीं दिया।
शरद पवार ने इस दावे का खंडन करते हुए बताया कि कांग्रेस ने बंजारा समाज को महाराष्ट्र में नेतृत्व के महत्वपूर्ण अवसर दिए हैं। इसी समुदाय के वसंतराव नाइक 11 साल तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे। सुधाकरराव नाइक ने तीन साल तक मुख्यमंत्री पद संभाला। मनोहर नाइक कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। पवार ने कहा कि बंजारा समाज कांग्रेस का आभारी है, क्योंकि इसने इस समुदाय के लोगों को राज्य का नेतृत्व करने का मौका दिया।
उद्धव ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर चुनाव के रिजल्ट पर सवाल उठाया
उद्धव ठाकरे ने हरियाणा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच वोटों का अंतर कम था, फिर भी बीजेपी को ज्यादा सीटें मिलीं। जम्मू-कश्मीर चुनावों में बीजेपी को ज्यादा सीटें क्यों नहीं मिलीं।
महाराष्ट्र में 26 नवंबर के पहले होंगे विधानसभा चुनाव
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ने 28 सितंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इसके पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। तारीखों का ऐलान अगले महीने होने की उम्मीद है।
राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसएस संधू दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर आए थे। उन्होंने यहां विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर, सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की थी।
इसके अलावा उन्होंने शिवसेना, शिवसेना UBT, मनसे, बसपा, आप समेत 11 पार्टियों से मुलाकात की। सभी पार्टियों ने मांग की थी कि दिवाली, देव दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहारों को ध्यान में रखकर चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जाए।
नवंबर 2024 में बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) सरकार का कार्यकाल खत्म होगा
महाराष्ट्र में इस वक्त बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) की सरकार है। इसका कार्यकाल नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। अक्टूबर 2024 में चुनाव हो सकते हैं। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 2019 में चुनाव हुए थे। बीजेपी 106 विधायकों के साथ राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी।
मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना और बीजेपी गठबंधन में बात नहीं बन पाई। 56 विधायकों वाली शिवसेना ने 44 विधायकों वाली कांग्रेस और 53 विधायकों वाली NCP के साथ मिलकर महाविकास अघाड़ी बनाकर सरकार बनाई। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने।
मई 2022 महाराष्ट्र सरकार में नगर विकास मंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने 39 विधायकों के साथ बगावत कर दी। वह बीजेपी के साथ मिल गए। 30 जून 2022 को एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।
इसके साथ ही शिवसेना पार्टी दो गुटों में बंट गई। एक धड़ा शिंदे गुट और दूसरा उद्धव गुट का बना। 17 फरवरी, 2023 को चुनाव आयोग ने आदेश दिया कि पार्टी का नाम ‘शिवसेना’ और पार्टी का चुनाव चिह्न ‘धनुष और तीर’ एकनाथ शिंदे गुट के पास रहेगा।


