New Delhi/Atulya Loktantra : आगामी 22 नवम्बर से 24 नवम्बर तक उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के मुख्यालय स्थित राजकीय इंटर कालेज के प्रांगण में पूज्य गुरुवर स्वर्गीय ब्रजपाल सिंह यादव की स्मृति में होने वाले पुस्तक मेले के अवसर पर मेले के प्रथम दिन 22 नवम्बर को एक बजे मण्डलीय पर्यावरण सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा।
सम्मेलन में प्रख्यात पर्यावरणविद, वैज्ञानिक, नदी-जल विशेषज्ञ राजीव गांधी वाटर शेड मिशन के पूर्व सलाहकार एवं मध्य प्रदेश की सोलह नदियों के पुनर्जीवन की योजनाकार श्री कृष्ण गोपाल व्यास जी, अलीगढ़ की शेखा झील के पुनरुर्द्धारक व तालाबों के पुनर्जीवन की योजना के प्रणेता श्री सुबोध नंदन शर्मा जी, आज से डेढ़ दशक पहले गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किये जाने वाले अभियान के उत्तर प्रदेश के संयोजक, जल बिरादरी व पर्यावरण रक्षा अभियान उत्तर प्रदेश के प्रमुख गांधीवादी कार्यकर्ता श्री अरविंद सिंह जी कछवाहा, गायत्री से गंगा सागर तक गंगा सद्भावना यात्रा के संयोजक, विश्व जल परिषद के सदस्य, शिक्षाविद व ग्रीन इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष डा. जगदीश चौधरी जी, पूर्व तकनीकी सचिव उत्तराखंड व पर्यावरण मामलों के जानकार श्री गौतम अग्रवाल जी, वरिष्ठ पत्रकार एवं छोटी नदियाँ बचाओ अभियान के प्रमुख श्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह जी, प्रसिद्ध नृत्यांगना, शिक्षाविद, पर्यावरणविद व उत्तराखंड में प्लास्टिक विरोधी अभियान की प्रमुख डा. अनुभा पुंढीर जी व नव प्रभात जन सेवा संस्थान दिल्ली की अध्यक्ष , राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में जल – संरक्षण व पर्यावरण रक्षा अभियान की संयोजक श्रीमती सुमन द्विवेदी जी पर्यावरण प्रहरियों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर समीपस्थ जिलों के पर्यावरण कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जायेगा।
पुस्तक मेले के दूसरे एवं तीसरे दिन यानी 23-24 नवम्बर को क्रमश: विकलांग एवं वृद्ध जनों के सामाजिक उत्थान सम्बन्धित कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. अत: उक्त अवसर पर आपकी उपस्थिति सादर प्रार्थनीय है। आपकी उपस्थिति से कालेज के हम सभी पूर्व छात्र गौरवान्वित होंगे।