पंजाब में पुलिस की मौजूदगी में भाजपा विधायक अरुण नारंग के साथ मारपीट और उन्हें निर्वस्त्र करने के विरोध में भाजपाइयों का गुस्सा दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। हरियाणा में इसका तीखा विरोध देखने को मिला। मंगलवार को प्रदेश की सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ता और किसान एक दूसरे के खिलाफ नजर आए। भाजपाइयों ने जहां प्रदेश भर में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पुतले जलाए, वहीं कई जगहों पर किसान सामने से भाजपा कार्यालयों का घेराव करने पहुंचे। फरीदाबाद जिले में भाजपा पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का पुतला फूंका।
पदाधिकारियों ने कहा कि इस घटना ने लोकतंत्र की हत्या की है। जिस तरह पुलिस की मौजूदगी में विधायक से साथ मारपीट की गई, इससे साफ है कि कैप्टन सरकार के संरक्षण में यह हमला कराया गया। भाजपा युवा मोर्चा ने भी पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर के पुतले पर डंडे बरसाते हुए पुतला दहन किया।
वहीं हिसार में भाजपाइयों के पुतला जलाने की बात सुनकर किसान भाजपा कार्यालय का घेराव करने पहुंच गए। किसानों ने नाका तोड़ दिया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का मुक्की भी हुई और आखिरकार किसानों ने पुतला जला ही दिया। किसानों को समझाने DIG बलवान सिंह राणा भी आए थे, लेकिन किसान उनकी बात भी नहीं माने।
फरीदाबाद में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा और विधायक सीमा त्रिखा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विरेाध प्रदर्शन करके घटना को लोकतंत्र की हत्या बताया और कहा कि पंजाब के राजनीतिक लोगों ने ही लोकतंत्र का गला घोंटते हुए विधायक के साथ मारपीट की और उनके कपड़े फाड़े।