सीवर ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहे पर्वतीया कॉलोनी के लोगों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। नैन चौक पर जाम लगा निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। इसकी सूचना पाकर मौके पर निगम के एसडीओ करतार दलाल और सारन थाना प्रभारी पहुंच गए। इन्होंने लोगों को समझा कर जाम खुलवाया। अधिकारियों ने उन्हें दो दिन में समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
पर्वतीया कॉलोनी की गली नंबर-74 से 78 तक में कई माह से सीवर ओवरफ्लो की समस्या है। हालत यह है कि गलियों में गंदा पानी भरा होने से लोगों का घरों से बाहर निकलता मुश्किल हो गया है। चारों तरफ गंदगी से बुरा हाल है। इसी माह यहां दो अलग-अलग शादियां हैं। ऐसे में लड़का और लड़की वाले दोनों चिंता में हैं कि कैसे शादी का आयोजन होगा। जिसकी शादी होने वाली उस लड़की ने सीएम को ट्वीट कर अपनी परेशानी बताई है।
उसने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम मनोहर लाल को ट्वीट कर कहा कि मेरी बारात कैसे इस गंदे पानी में आएगी। फरवरी में भी एक लड़की कामिनी ने ट्वीट किया था। उसने सीएम को ट्वीट कर सीवर की समस्या बताई थी। सोशल मीडिया पर यह पोस्ट वायरल होने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया था।