कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला आज कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव डॉ.विनीत पूनिया के फतेहाबाद स्थित कार्यालय पर पहुंचे और वर्करों की मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने भाजपा की अंग्रेजों से तुलना कर जमकर निशाने साधे।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय जब क्रांतिकारियों की बात नहीं सुनी जाती थी तो उन्होंने अपने अखबार निकाले, पर्चे बांटे, तब एक संपूर्ण क्रांति आई, ऐसा ही दौर अब है, जब देश में वोटों के रूप में संपूर्ण क्रांति आएगी। यह वोट तय करेंगे कि देश में प्रजातंत्र बचेगा या मर जाएगा।
संविधान को खत्म करने की तैयार
सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस बिना डरे, बिना झुके संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि आज देश में फासीवाद फैला हुआ है, संविधान पर मोदी सरकार ने हमला बोल रखा है, प्रजातंत्र को बुल्डोजर के नीचे रौंदा जा रहा है। संविधानिक परम्पराओं की हत्या की जा रही है। हिंदुस्तान में वोट के शासन, प्रजातंत्र व संविधान को खत्म करने की तैयार की जा रही है। इसके कई उदाहरण है। केजरीवाल व हेमंत सोरेण इसी के ताजे उदाहरण हैं।
देश में प्रजातंत्र बचेगा या मर जाएगा
कांग्रेस नेता ने कहा कि पैसे, सीबीआई व ईडी के बल पर भाजपा जिसकी मर्जी पार्टी तोड़ रही है। कभी एनसीपी, शिवसेना, डीएमके को तोड़ तो एआईडीएमके को तोड़ने का प्रयास किया गया, आरजेडी, कांग्रेस के नेता तोड़ लिए गए। यह संस्थाएं चुनाव लड़ने की मशीनरी बनकर रह गई हैं। प्रजातंत्र पर यह आखिरी हमले बोले जा रहे हैं और चुनाव तय करेंगे कि देश में प्रजातंत्र बचेगा या मर जाएगा।
संविधान के मायने नहीं बचे
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा ने राजनीति तक बेच डाली है। लोगों द्वारा वोटों से चुने प्रतिनिधि भाजपा की मंडी में आए दिन अपने इमान, आबरू सब बेच रहे हैं। क्या ऐसी भाजपा वोटों की अधिकारी है, यह लोगों पर छोड़ते हैं। भाजपा के लिए कानून, संविधान के मायने नहीं बचे, इसलिए देश में अब संपूर्ण क्रांति आने वाली है।