होडल/ अतुल्य लोकतंत्र : मुकेश बघेल/दिनांक 12 अक्टूबर 2022 को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, फरीदाबाद को सूचना प्राप्त हुई थी कि अनाज मंडी होडल में धान की आवक हुए बिना ही 120 फर्जी गेट पास जारी करके करीब 20 हजार क्विंटल धान की आवक दिखाई गई है। सामान्य रूप से एक ट्रैक्टर ट्राली में 50/60 किवंटल धान भरने की क्षमता होती है पर इन्होंने जहाँ एक ट्रॉली में 297 किवंटल धान भरा दिखाया है वहां अनेकों में 100 किवंटल धान भरा दिखाया हैं। सम्भावना है कि मार्केट कमेटी होडल, आढ़तियों, संबंधित खरीद एजेंसियों व राइस मिल मालिकों द्वारा आपस में मिलीभगत करके इस धान को अन्य प्रदेशों से सस्ते दाम पर खरीद कर सीधे राइस मिलों को उपलब्ध करा कर मोटा मुनाफा ले लिया जाएगा व सरकार को चूना लगेगा।
प्राप्त सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम द्वारा श्री संजीव नागर तहसीलदार होडल, श्री राजेश आर्य जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पलवल, श्री दयानंद पोसवाल खरीद प्रभारी हेफेड, श्री वीरेंद्र सिंह सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी, मार्किट कमेटी होडल तथा स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम के साथ अनाज मंडी होडल का औचक निरीक्षण किया गया।
औचक निरीक्षण पर दिनांक 11-12 अक्टूबर 2022 की रात्रि को जिस 20 क्विंटल धान की आवक दिखाई गई थी, उसका ब्यौरा प्राप्त करके आढ़तियों के पास भौतिक रूप से उस धान को चेक किया गया, जिसमें बहुत अनियमितता पाई गई।
श्री वीरेंद्र सिंह सचिव, मार्केट कमेटी होडल द्वारा सरकारी व प्राइवेट धान को अलग-अलग ना दिखा कर एक किसान का ही बता कर PV करवा दी गई।
पड़ताल पर ज्ञात हुआ कि जिन 120 गेट पास के माध्यम से 20 हजार क्विंटल धान अनाज मंडी होडल में आना दर्शाया है वे सभी गेट पास मार्केट कमेटी होडल के अधिकारियों द्वारा अनाज मंडी होडल से दूर एक गाड़ी में बैठ कर लैपटॉप से अन्य अधिकारियों की लॉगिन आईडी का दुरुपयोग करते हुए जारी किए गए थे। इसके अतिरिक्त सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा इस धान को खरीद भी कर लिया जाना पाया गया।
120 गेट पास की पड़ताल के लिए अनाज मंडी होडल के CCTV केमरों जी फुटेज चेक करना चाहा तो पाया कि CCTV कैमरे जान बूझकर बंद किये हुए थे।
जांच के दौरान 13-10-2022 को रेंडमली कई किसानों के कथन लिखे गए जिनके नाम फर्जी गेट पास जारी किए हुए थे। सभी किसानो ने बतलाया कि उन्होंने 11-12.10.2022 की रात को कोई धान अनाज मंडी होडल में नही बेचा था।
इस प्रकार मार्केट कमेटी होडल के अधिकारियो, आढ़तियों, सरकारी खरीद एजेंसियों व स्थानीय राइस मिल मालिकों द्वारा आपस में मिलीभगत करके 120 फर्जी गेट पास के माध्यम से 20 हजार क्विंटल धान की आवक दिखाई जानी पाई गई। इस सम्बंध में उपरोक्त सभी के खिलाफ मु.न. 496 दिनाक 14-10-2022 धारा 420/467/468/471/120B/201 भा.द.स. व धारा 66 (C)(D), IT Act थाना होडल अंकित कराया गया है। आगामी तफ्तीश स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।