एक्टर सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को मुंबई के किला कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। दोनों आरोपियों को मुंबई क्राइम ब्रांच ने सोमवार देर रात गुजरात के भुज से अरेस्ट किया था। उन्हें मंगलवार दोपहर मुंबई लाया गया।
पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपियों की पहचान विक्की गुप्ता और सागर पाल के तौर पर हुई है, जो बिहार के रहने वाले हैं। इन्होंने सलमान के घर की तीन रेकी की थीं और पांच राउंड फायर किए थे। आरोपियों ने जिस पिस्तौल से फायरिंग की थी, उसे रिकवर नहीं किया जा सका है।
पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपी सलमान के पनवेल वाले फार्म हाउस से 10 किमी दूर रुके थे। पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस के भाई अनमोल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसने एक फेसबुक पोस्ट में इस वारदात की जिम्मेदारी ली थी। इससे पहले भी लॉरेंस गैंग ने कई बार सलमान को धमकी दी है।
इन दोनों आरोपियों ने सलमान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने 14 अप्रैल की सुबह 5 बजे फायरिंग की थी। दोनों बाइक पर सवार होकर आए और 5 राउंड फायर किए। फायरिंग के वक्त सलमान अपने घर में ही थे। घटना के बाद सलमान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की 14 दिनों की कस्टडी मांगी थी
मुंबई पुलिस ने कोर्ट में दोनों आरोपियों की 14 दिन की कस्टडी मांगी थी। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों ने फायरिंग के बाद रेलवे ट्रैक पार कर कपड़े बदले और भागने की कोशिश की। दोनों आरोपी सलमान खान के पनवेल फार्म हाऊस से 10 किलोमीटर की दूरी ही रुके हुए थे। ऐसे में यह सवाल भी खड़ा होता है कि क्या वे फार्म हाउस को ही टारगेट करना चाहते थे।
पुलिस ने दलील दी कि यह एक इंटरनेशनल रैकेट है और इनका बिहार और गुजरात से भी कनेक्शन है। हम अपनी जांच का दायरा हरियाणा, पंजाब, यूपी, बिहार और गुजरात तक बढ़ाना चाहते हैं। इसके अलावा पुलिस ने कोर्ट में लॉरेंस के भाई अनमोल के फेसबुक पोस्ट और सलमान खान के ऊपर हुए पुराने हमलों का भी जिक्र किया।


