मौसम के सर्द होने के साथ हवा में स्मॉग दिखने लगा है। गुरुवार सुबह दिल्ली में AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 256 और मुंबई में AQI 139 दर्ज किया गया। ये आंकड़े सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिंग एंड रिसर्च ने जारी किए हैं।
IIT दिल्ली के ट्रिप-सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 साल पहले देश के 30% इलाकों में प्रदूषण नहीं था। उस समय किसी भी शहर में 100 से ज्यादा AQI दर्ज नहीं होता था। अब 11% से अधिक आबादी 100 से अधिक AQI वाले शहरों में रह रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य भारत के 14 शहरों में पुणे ऐसा शहर है, जहां 25 साल में प्रदूषण सालाना रूप से 104% बढ़ गया। वहीं, रायपुर में 58%, रांची में 98%, इंदौर में 74%, भोपाल में 75% वायु प्रदूषण बढ़ा। हालांकि इस बीच मुंबई में 26% तो दिल्ली में 38% प्रदूषण ही बढ़ा। पश्चिमी क्षेत्र में भी राहत है। पिछले 25 साल में जयपुर में 30% तो अहमदाबाद में 23% ही प्रदूषण बढ़ा है। अब महज 9% इलाकों में प्रदूषण नहीं है।
अगर शहरों के तापमान की बात करें तो गुरुवार को दिल्ली का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, मुंबई का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, इससे शहर में गर्मी महसूस की गई। भोपाल का तापमान 30.2, रायपुर में 29.7, अहमदाबाद में 33 और जयपुर का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, देश के उत्तरी हिस्से चंडीगढ़ में 27.8, लुधियाना 30.2, पटना में 31.4 और लखनऊ में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान बना रहा।