प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (17 अप्रैल) को असम और त्रिपुरा दौरा किया। सुबह असम में जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी दोपहर में त्रिपुरा की राजधानी अगरतला पहुंचे।
पीएम मोदी ने स्वामी विवेकानंद मैदान में जनसभा में कहा, ”जब त्रिपुरा में CPM और कांग्रेस थीं, तब भ्रष्टाचार फल-फूल रहा था। वामपंथी पार्टियों ने राज्य को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। कांग्रेस सरकार ने पूर्वोत्तर के विकास पर ध्यान नहीं दिया। उनकी नीति पूर्व को लूटो की थी।”
10 साल पहले मैंने कांग्रेस और वामपंथियों की लूट ईस्ट (Loot East) नीति को खत्म किया था। अब हम एक्ट ईस्ट (Act East) नीति पर काम कर रहे हैं। सतही तौर पर वामपंथी और कांग्रेस एक-दूसरे के विरोधी लग सकते हैं, लेकिन पर्दे के पीछे उनकी विचारधारा एक ही है।
पीएम ने कहा- पूर्वोत्तर में रहना हमारा सौभाग्य
पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर में रहना हमारा सौभाग्य है, जहां सूर्य की किरणें सबसे पहले पृथ्वी को छूती हैं। ये भारत के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक हैं। विकसित त्रिपुरा, विकसित भारत की प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।
वहीं, असम के नलबाड़ी में पीएम ने कहा था कि कांग्रेस ने सियासी फायदे के लिए असम को अपने पंजे में जकड़ रखा था। ताकि उनके लिए लूट और भ्रष्टाचार के रास्ते खुले रहें। अब ये पंजा खुल गया है। असम में सबका साथ और सबका विकास हो रहा है।
NDA सरकार की योजनाओं में कोई भेदभाव नहीं होता। योजनाओं का लाभ हर किसी को मिलता है। अब NDA ने ठाना है कि देश के हर नागरिक तक पहुंचकर जिस सुविधा का वो पात्र है, वो सुविधा उसे दी जाएगी। अब 70 साल के ऊपर के बुजुर्गों की सेवा आपका बेटा मोदी करेगा। इन्हें 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।
आपका बिजली बिल जीरो आए, इसलिए कम दाम पर सोलर पैनल दिए जाएंगे। इसके अलावा हमने लक्ष्य रखा है 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे। हमने खरीफ की फसलों का MSP बढ़ाया है। इससे यहां के किसानों को लाभ हुआ है। भाजपा ने किसानों को लेकर सभी योजना को जारी रखेंगे।