कर्नाटक BJP सांसद प्रताप सिम्हा के एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने मैसूर के एक बस स्टॉप को बुलडोजर से गिराने की चेतावनी दी है। दरअसल यह बस स्टॉप मैसूर-ऊटी रोड पर बना है। इसकी छत पर तीन गुंबद बने हुए हैं, जिससे यह दूर से किसी मस्जिद की तरह नजर आता है।
सांसद ने सोशल मीडिया पर देखा था स्ट्रक्चर
मैसूरु के सांसद ने रविवार को मैसूरु में ‘टीपू निजाकंसुगलु’ (टीपू के सच्चे सपने) नाम के इवेंट में बोलते हुए यह टिप्पणी की। सांसद प्रताप ने कहा, ‘सोशल मीडिया पर इस बस स्टॉप को देखा था। इसमें 3 गुंबद हैं, बीच में बड़ा और अगल-बगल छोटे गुंबद। वह केवल एक मस्जिद है। मैंने इंजीनियरों से तीन-चार दिनों में इस ढांचे को गिराने के लिए कहा है। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो मैं खुद एक JCB लाकर उसे तोड़ दूंगा।’
कांग्रेस का सवाल- गुंबद वाले सरकारी दफ्तर भी गिरा दोगे?
वहीं दूसरी ओर भाजपा सांसद के बयान के बाद उठे विवाद में कांग्रेस भी कूद गई है। कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख सलीम अहमद ने सांसद के बयान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा है कि मैसूर सांसद का यह बयान मूर्खतापूर्ण है। प्रताप सिम्हा एक सांसद हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि वे क्या बोल रहे हैं। क्या वह उन सरकारी दफ्तरों को भी गिरा देंगे, जिनमें गुंबद बने हैं?” पहले उन्हें इसका जवाब देने दें। लोग इस सरकार से तंग आ चुके हैं क्योंकि कोई विकास नहीं हुआ है।”