कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ में कांग्रेस कॉर्पोरेटर निरंजन हिरेमथ की बेटी नेहा के मर्डर की जांच CID को सौंपी जाएगी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोमवार को कहा कि मामले की सुनवाई के लिए स्पेशल कोर्ट बनाएंगे। रविवार यानी 21 अप्रैल को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मामले की जांच CBI को सौंपने की मांग की थी।
18 अप्रैल को बीवीबी कॉलेज कैंपस में फैयाज खोंडुनाईक ने नेहा की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। नेहा MCA फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। आरोपी उसका क्लासमेट रह चुका है। वारदात के एक घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने बताया था कि नेहा उसके साथ रिलेशनशिप में थी। कुछ दिनों से अचानक वह उससे दूर रहने लगी। इसलिए उसने उसे मार दिया।
घटना के बाद पूरे कर्नाटक में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) सहित कई संगठन जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। आज भी भाजपा ने पूरे राज्य में प्रदर्शन किया। इनकी मांग है कि आरोपी को फांसी दी जाए। मुस्लिम समुदाय ने भी नेहा के सपोर्ट में आज हुबली-धारवाड़ में बंद बुलाया।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने CBI जांच की मांग की
जेपी नड्डा ने रविवार को निरंजन हिरेमथ से मुलाकात कर उनकी बेटी नेहा की हत्या पर दुख जताया। मुलाकात के बाद नड्डा ने कहा कि अगर राज्य सरकार इस केस को CBI को ट्रांसफर करती है तो, भाजपा इसमें साथ देगी। नड्डा ने कहा कि नेहा के पिता ने भी CBI जांच की मांग की है क्योंकि उन्हें राज्य की पुलिस पर भरोसा नहीं है।
वहीं, निरंजन हिरेमथ ने बताया कि नेहा की हत्या को लेकर मैंने पुलिस को 8 लोगों के नाम दिए थे। उन्होंने एक को भी अब तक नहीं पकड़ा है। अगर वे आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकते, तो केस CBI को दे दें। कमिश्नर महिला होने के बाद भी एक लड़की की हत्या को गंभीरता से नहीं ले रही हैं। वे किसी दबाव में काम कर रही हैं। मेरा विश्वास अब टूट रहा है।