बिहार के भागलपुर जिले में एक मकान के अंदर हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अब तक मलबे से 10 लाशें निकाली जा चुकी है। एक बच्चे समेत तीन लाश शुक्रवार सुबह निकाले जाने की खबर है। वहीं 11 लोग गंभीर रूप से जख्मी बताए जा रहे हैं। मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की बात भी कही जा रही है। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मामले के जांच के आदेश दे दिए हैं इसके साथ ही मुख्य सचिव और डीजीपी को तलब किया है।
सीएम ने दिए जांच के आदेश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तातारपुर पुलिस थाना क्षेत्र में हुए विस्फोट में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सीएम ने मुख्य सचिव और डीजीपी को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
20 साल में चार धमाके
जानकारी के अनुसार घटना आतिशबाज के घर गुरुवार रात 11.30 बजे हुई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि दो मंजिला मकान के परखच्चे उड़ गए। बताया जाता है कि इस मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाने का कारोबार चल रहा था। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। मलबा हटाने के लिए अत्याधुनिक मशीनों को मंगवाया जा रहा है। घर के मालिक का नाम नवीन आतिशबाज बताया जा रहा है। नवीन के घर इससे पहले 2002, 2008 और 2018 में भी ऐसी ही घटनाएँ हो चुकी हैं।