भारत अब उन चुनिंदा देशों में शामिल होने जा रहा है जो गहरे समुद्र में जाने की क्षमता रखते हैं। भारत अब अपना “डीप सी मिशन”(“Deep Sea Mission”) लांच करने वाला है। इस मिशन को हरी झंडी मिल गई है और अब समुद्र में 6000 मीटर की गहराई तक गोता लगाने वाले यान को डेवलप किया जाएगा। ये समुद्र तल में गोताखोरों को ले जाएगा और वहां कीमती धातुओं की खोज की जाएगी। अगर भारत ने ऐसे पनडुब्बी यान को बनाने में सफलता हासिल कर ली तो वह चुनिंदा देशों के ग्रुप में शामिल हो जाएगा। अभी बहुत कम देश ऐसा यान और मिशन सफलतापूर्वक तैयार कर पाए हैं।
डीप सी मिशन पर बात 2018 से चल रही थी। अब इसे केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। इस मिशन पर अगले पांच साल में 4077 करोड़ रुपए खर्च होंगे। भू विज्ञान मंत्रालय इस मिशन का नोडल मंत्रालय होगा। डीप सी मिशन के छह हिस्सों में प्रमुख है मानवयुक्त यान डेवलप करना जो तीन लोगों को लेकर समुद्र में 6000 मीटर की गहराई तक जा सके। ये यान सेंसर और विशेष औजारों से लैस होगा। तथा हिन्द महासागर की तलहटी में धातुओं की खोज के लिए एकीकृत खनन सिस्टम डेवलप करना होगा। इसके अलावा ओशन क्लाइमेट चेंज एडवाइजरी सर्विसेज को डेवलप किया जाएगा। मौसम विज्ञान के लिए ये महत्वपूर्ण होगा और कई पूर्वानुमान लगाने में सहायक साबित होगा। डीप सी मिशन का अगला हिस्सा होगा गहरे समुद्र में वनस्पतियों और जीव जंतुओं की खोज करना। ये पता किया जाएगा कि इनका इस्तेमाल करके क्या लाभ उठाया जा सकता है। इसके अलावा डीप सी मिशन का उद्देश्य ओशन बायोलॉजी और ओशन इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक्सपर्ट्स तैयार करना भी है।