लोकसभा चुनाव के लिए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM की यूपी में एंट्री हो गई। AIMIM ने पल्लवी पटेल की पार्टी अपना दल (कमेरावादी) से गठबंधन कर लिया है। नए मोर्चे का नाम PDM (पिछड़ा, दलित और मुस्लिम) दिया है। चर्चा है कि मोर्चे की 35 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है। लखनऊ में 2 बजे पल्लवी और असदुद्दीन ओवैसी ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इस दौरान ओवैसी ने कहा, “अखिलेश यादव कहते हैं कि ओवैसी BJP की B टीम हैं। इसलिए बार-बार यूपी में आकर चुनाव लड़ते हैं। वो बताएं कि क्या इसीलिए डॉ. एसटी हसन का टिकट कटवा दिया? रामपुर के लिए भी हम ही जिम्मेदार हैं? उनकी कोई जिम्मेदारी ही नहीं है?”
उन्होंने कहा, “हमें इस चुनाव तक रुकना नहीं चाहिए। उसे आगे लेकर जाना चाहिए। हमें यकीन है कि यूपी की जनता PDM को सहयोग करोगी।”
वहीं, दैनिक भास्कर के सवाल पर पल्लवी पटेल ने कहा, “हम कृष्ण के अनुयायी हैं। सुई की नोक बराबर भी जमीन नहीं देंगे। हठधर्मिता का मतलब महाभारत होगा।” इसके बाद पल्लवी ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता सुनाई- दे दो केवल 5 ग्राम, रक्खो अपनी धरती तमाम।
पल्ल्वी ने कहा- हमारी रणनीति में मिर्जापुर और वाराणसी
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA के मुकाबले में पल्लवी पिछड़ा, दलित और मुस्लिम नेताओं यानी PDM को एक मंच पर लाने की कोशिश कर रही हैं। इसके लिए उन्होंने यूपी में साइलेंट चल रहे असदुद्दीन ओवैसी से हाथ मिलाया है। जब पल्लवी पटेल से पूछा गया कि आप कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी?
उन्होंने कहा, “इसके लिए दोबारा आपके सामने आएंगे। अभी सिर्फ गठबंधन की घोषणा कर रहे हैं। हमारी रणनीति में मिर्जापुर और वाराणसी हैं।”
पल्लवी ने कहा-हम सरकार और मुख्य विपक्ष के खिलाफ हैं
पल्लवी पटेल ने कहा, “देश में मौजूदा वक्त अस्थिरता का है। पिछड़े, दलित और मुस्लिमों का शोषण हो रहा है। दमन की नीति के लिए हम सरकार का विरोध करते हैं। आज हम आपके बीच PDM के साथ आए हैं। आज हम सरकार और मुख्य विपक्ष के खिलाफ PDM के खिलाफ हो रहे अत्याचार के लिए आवाज उठा रहे हैं।
समाज का एक तबका ऐसा है, जिनके प्रति सरकार और विपक्ष का रवैया ठीक नहीं है। ये वो तबका है, जो सरकार बनाता है और गिराता भी है। आज हम PDA के आरक्षण, राजनीतिक भागीदारी और उनके हित को लेकर आपके बीच में हैं।”


