मणिपुर में गुरुवार को हमलावरों की फायरिंग में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पूर्वी इंफाल में कांगपोकपी जिले के सबुंगखोक खुनोउ की है। यहां हथियार से लैस उपद्रवियों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि घटना सुबह करीब 3 बजे की है। हमलावरों ने मैदान में रखे ईंटों के पीछे छिपकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घायलों को इंफाल के राज मेडिसिटी और लिटिल क्लिनिक ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, इस घटना के बाद हमलावरों ने गांव के सुरक्षा वालंटियर्स पर फायरिंग की। सुरक्षाबलों ने उपद्रवियों का पीछा किया। वे गांव की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान दोपहर में हमलावरों ने सुरक्षाबलों पर भी गोलियां चलाईं।
हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की, लेकिन हमलावर अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं।
मणिपुर में 3 मई से अब तक 50 हजार लोग विस्थापित हुए
मणिपुर में 3 मई से मैतेई और कुकी लोगों के बीच जारी हिंसा में अब तक 180 लोगों की जान गई है, जबकि 50 हजार से ज्यादा लोग अपना घर छोड़कर रिलीफ कैंपों में रह रहे हैं।
इंफाल वैली में मैतेई बहुल है, ऐसे में यहां रहने वाले कुकी लोग आसपास के पहाड़ी इलाकों में बने कैंप में रह रहे हैं, जहां उनके समुदाय के लोग बहुसंख्यक हैं। जबकि, पहाड़ी इलाकों के मैतेई लोग अपना घर छोड़कर इंफाल वैली में बनाए गए कैंपों में रह रहे हैं।
मणिपुर में युवक को जिंदा जलाने का वीडियो सामने आया
मणिपुर में रविवार को कुकी समुदाय के युवक को जिंदा जलाने का वीडियो सामने आया है। इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फ्रंट (ITLF) के प्रवक्ता घिन्जा ने ये वीडियो शेयर किया है। उन्होंने कहा कि वीडियो मई का है, लेकिन ये अभी सामने आया है।
मणिपुर के सिक्योरिटी ऐडवाइजर कुलदीप सिंह ने वीडियो की पुष्टि करते हुए कहा कि DGP ने मामला CBI जांच के लिए रिकमंड किया है, क्योंकि ये भी उस महिलाओं को नग्न परेड कराने वाले वीडियो का सीक्वल है।
मणिपुर में 2 स्टूडेंट्स की हत्या के आरोप में CBI ने रविवार को 4 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें 2 महिलाएं हैं। इन्हें चुराचांदपुर से पकड़ा गया था। जांच एजेंसी सभी आरोपियों को असम के गुवाहाटी ले गई थी। गुवाहाटी कोर्ट ने इन आरोपियों को CBI की 5 दिन की हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार लोगों में हत्या का मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी भी है। CBI उनकी दो बेटियों को भी साथ ले गई है, जिनकी उम्र 9 और 11 साल है। बेटियां नाबालिग हैं, इसीलिए उन्हें किसी रिश्तेदार को सौंप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री एन बीरेन ने भी चार लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इनके नाम पाओमिनलुन हाओकिप, एस. मालस्वान हाओकिप, लिंग्नेइचोन बाइट और टिन्नुपिंग हैं। उन्होंने कहा कि हम दोषियों को मौत की सजा दिलाएंगे।
दोनों स्टूडेंट्स की हत्या को लेकर इंफाल के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शन जारी है। मैतेई महिला संगठन मीरा पैबिस ने मोमबत्ती जलाकर मृत मैतेई स्टूडेंट्स को श्रद्धांजलि दी। हत्या के विरोध में चुराचांदपुर बंद भी रहा।