आम आदमी पार्टी ने ‘केजरीवाल को आशीर्वाद’ अभियान लॉन्च किया है। शुक्रवार (29 मार्च) को दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा, ”मैं आपको (जनता) वॉट्सऐप नंबर 8297324624 दे रही हूं। आप इस पर मैसेज भेजकर अपने अरविंद को आशीर्वाद भेज सकते हैं।”
NDTV के मुताबिक केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कस्टडी में रह रहे अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा कि उनके (अरविंद केजरीवाल) पास गिनती का वक्त बचा है। संभवत: उनकी पत्नी सुनीता मुख्यमंत्री पद की तैयारी कर रही हैं। केजरीवाल की पत्नी रेवेन्यू सर्विस में रहने के दौरान महज उनकी साथी नहीं थीं। वे (केजरीवाल) सबको साइडलाइन कर चुके हैं। अब मैडम तैयारी कर रही हैं।
उधर, दिल्ली की मंत्री और AAP नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि ED भाजपा के राजनीतिक हथियार के रूप में काम कर रहा है। वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के फोन तक पहुंच कर AAP की लोकसभा चुनाव रणनीति के बारे में जानना चाहता है। अरविंद केजरीवाल के फोन का पासवर्ड ED नहीं, भाजपा चाहती है।
- मैं सुनीता केजरीवाल अरविंद जी की धर्मपत्नी, कल अरविंद केजरीवाल ने जो कोर्ट में कहां वो आपने सुना होगा, अगर नहीं सुना तो कृपया एक बार सुनिए। उन्होंने जो कोर्ट के सामने बोला उसके लिए बहुत हिम्मत चाहिए। सच्चे देशभक्त हैं वो। बिल्कुल ऐसे ही हमारे स्वतंत्रता सैनानी अंग्रेजों की तानाशाही से लड़ते थे।
- पिछले तीस साल से मैं उनके साथ हूं, देशभक्ति उनके रोम-रोम में बसी है। आप का नया अभियान शुरू आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल ने देश की सबसे भ्रष्टाचारी, तानाशाही ताकतों को ललकारा है। आपने अरविंद केजरीवाल को अपना भाई अपना बेटा कहा है, क्या आप इस लड़ाई में अपने भाई अपने बेटे का साथ नहीं देंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि हम सब साथ मिलकर ये लड़ाई लड़ेंगे।
- सुनीता ने आगे कहा कि मैं आपको एक वॉट्सऐप नंबर दे रही हूं। वॉट्सऐप नंबर 8297324624 है। आज से हम एक अभियान शुरू कर रहे हैं जिसका नाम ‘केजरीवाल को आशीर्वाद’ है। इस नंबर पर आप अपने केजरीवाल को आशीर्वाद, दुआएं और प्रार्थनाएं भेज सकते हैं। कोई और भी संदेश देना चाहें तो वो भी दे सकते हैं।
- कई माताओं ने तो अपने बेटे के लिए मन्नत मांगी है। कई बहनों ने भी अपने भाई के लिए मन्नत मांगी है। वो भी लिखकर भेज सकते हैं। लोग केजरीवाल के लिए व्रत रख रहे हैं। मुझे कई लोगों के फोन भी आए कि उन्होंने अरविंद के लिए व्रत भी रखा है, कितना प्यार करते हैं अरविंद जी से लोग। वो सब लिखकर भेजिए।
- कुछ और भी अगर कहना है या कुछ भी मन में आए तो इस नंबर पर भेज दीजिए। हर परिवार का हर सदस्य लिखकर भेजे, आपका मैसेज पढ़कर उनको बहुत अच्छा लगेगा। आपका एक-एक मैसेज उन तक पहुंचेगा। मैं आप सबके मैसेज उनको जेल में देकर आऊंगी और उन्हें मैसेज देने के लिए आपको आम आदमी पार्टी का होने के जरूरत नहीं है।
- आप किसी भी पार्टी से हों या कोई भी हों अरविंद जी को मैसेज जरूर भेजें। सभी युवा महिलाएं, बच्चे, बूढ़े, अमीर, गरीब सब लोग अपने भाई अपने बेटे अरविंद जी को कुछ न कुछ जरूर लिखें। इसके साथ ही इस नंबर का भी खूब प्रचार करें।