PM नरेंद्र मोदी शनिवार को बिलासपुर में BJP की परिवर्तन यात्रा का समापन करने पहुंचे। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत जह जोहार से करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में परिवर्तन तय हो गया है। हमारा एक ही नेता है कमल, हमारा एक ही उम्मीदवार है कमल। हर बूथ पर जब तक कमल नहीं खिलेगा हम चैन से नहीं रहेंगे।
अऊ नहीं सहिबो, बदल के रहिबो का नारा मोदी ने लगाया। साथ ही उन्होंने PSC का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया। लेकिन BJP की सरकार बनते ही PSC घोटाले की जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
1. छत्तीसगढ़ में सिर्फ घोटाले की घोटाले
- पीएम मोदी ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में सिर्फ घोटाले ही घोटाले हैं। हर योजना में भ्रष्टाचार हावी है। छत्तीसगढ़ अब कांग्रेस को हटाने और भाजपा को लाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
- पूरा प्रदेश कुशासन से त्रस्त है। भाजपा ने छत्तीसगढ़ के लोगों के सामर्थ्य को समझा। अटल जी ने छत्तीसगढ़ का निर्माण किया।
- छत्तीसगढ़ का हाईकोर्ट बिलासपुर में है। यहां साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे का मुख्यालय है। यह राजस्व के हिसाब से सबसे बड़े रेलवे जोन में से एक है। इसकी स्थापना भी अटल जी के समय में हुई थी।
2. आपका सपना अब मोदी का संकल्प
- आज मैं गारंटी देने आया हूं, आपके सपने को साकार करने के लिए मोदी कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा। आपका सपना अब मोदी का संकल्प है। छत्तीसगढ़ में भी अब भाजपा सरकार होगी।
- भाजपा केंद्र में हो या राज्य में छत्तीसगढ़ के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। लेकिन दिल्ली से मैं जितनी कोशिश करूं उसे कांग्रेस सरकार फेल करने में लगी रहती है।
- उप मुख्यमंत्री ने सच बोला तो यहां तूफान उठ गया। कांग्रेस के ही नेता, उनके उप मुख्यमंत्री भरी सभा में कहते हैं कि दिल्ली कभी अन्याय नहीं करती।


