New Delhi/Atulya Loktantra: देश में दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत के एक दिन बाद कोरोना के 15,144 नए मामले सामने आये है। इसके साथ ही 181 लोगों की जान गई है। उपरोक्त जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार है। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के नए मामलों और सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 15,144 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले 1,05,57,985 पहुंच गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना की वजह से 181 मरीजों की मौत हो गई, जिसके चलते देश में कोरोना से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 1,52,274 हो गई हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 17,170 कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इसी के साथ देश में अब तक 1,01,96,885 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में सफल रहे हैं। रोजाना आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक है। इससे कोरोना के सक्रिय के मामलों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। देश में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 2,08,826 रह गए हैं।
सक्रिय मामलों में भारत 13वें नवंबर पर
दुनियाभर में 9.94 करोड़ से अधिक लोग वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं और 20.31 लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। कोरोना से सर्वाधिक देशों में अमेरिका शीर्ष पर है। इसके बाद दूसरे नंबर पर भारत है। कोविड के सक्रिय केस को लेकर दुनिया में भारत 13वें स्थान पर है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। जबकि कोरोना से मौतों के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत तीसरे नबंर पर है।