दिल्ली शराब नीति केस में 21 मार्च को गिरफ्तार हुए दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल जेल से सरकार चला रहे हैं। उन्होंने रविवार (24 मार्च) को जल मंत्रालय के नाम पहला सरकारी आदेश जारी किया। उन्होंने जल मंत्री आतिशी को निर्देश दिया कि दिल्ली में जहां पानी की कमी है, वहां टैंकरों का इंतजाम करें।
इधर, केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर I.N.D.I गुट के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि केंद्र सरकार विधायकों की खरीद-फरोख्त कर, लोगों को डरा-धमकाकर पूरे विपक्ष को चुप करा रही है। जो झुकने और डरने को तैयार नहीं हैं, उन पर फर्जी मुकदमे करके उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है।
गोपाल राय ने कहा कि अगर कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी का खाता सीज हो सकता है, तो जो व्यापारी इन्हें चंदा नहीं देगा उसका खाता सीज किया जाएगा। हर किसी की आवाज दबाई जाएगी। इनके खिलाफ लड़ाई को बड़ा करने के लिए 31 तारीख को 10 बजे रामलीला मैदान में हम महारैली करेंगे। पूरी दिल्ली से अपील है कि एकजुट हों।
वहीं, केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी आज पहली बड़ी बैठक कर रही है। पार्टी के जनरल सेक्रेटरी संदीप पाठक इस बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। इसमें पार्टी की आगे की रणनीति तय होगी।
एक वकील विनीत जिंदल ने अरविंद केजरीवाल के ऑर्डर पर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना को लेटर लिखा है। इसमें लिखा है कि केजरीवाल को ED ने गिरफ्तार किया है। अगर कोई सरकारी आदमी रिमांड में है तो उसे बिना कोर्ट के ऑर्डर के बाहरी दुनिया के साथ बातचीत की इजाजत नहीं होती। केजरीवाल के मामले में केवल उनकी पत्नी और उनके कानूनी सलाहकार को ही उनसे मिलने की इजाजत है। कोर्ट ने केजरीवाल को किसी भी तरह के ऑर्डर को जारी करने की परमिशन नहीं दी है।
दिल्ली कांग्रेस बोली- ये रैली पॉलिटिकल नहीं होगी
दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि यह रैली पॉलिटिकल रैली नहीं होगी। ये रैली हिन्दुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई का आह्वान होगा।
आतिशी बोलीं- महारैली केजरीवाल को नहीं, लाेकतंत्र को बचाने के लिए होगी
AAP नेता आतिशी ने कहा कि 31 मार्च को रामलीला मैदान में होने वाली INDI गठबंधन की ‘महा रैली’ अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित की जा रही है। विपक्ष को एकतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है।
AAP बोली- केजरीवाल पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप की सुप्रीम कोर्ट ने धज्जियां उड़ा दीं
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप नेता गोपाल राय ने कहा कि सरकार कह रही है कि केजरीवाल को इसलिए गिरफ्तार किया, क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार किया। उनके आरोप की धज्जियां सुप्रीम कोर्ट ने उड़ा दीं।
कल शहीदी दिवस था। शहीदी पार्क में सबको श्रद्धांजलि देने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पहुंचे थे, हमारे नेता वहां मौजूद थे। ऐसा बर्ताव किया जा रहा था, जैसे हम अपराधी हों।
सौरभ भारद्वाज बोले- भाजपा ने एक्साइज पॉलिस के सरगना से 60 करोड़ रुपए लिए
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने चुनावी बॉन्ड के पीछे छिपकर एक्साइज पॉलिसी मामले के सबसे बड़े सरगना शरद चंद्र रेड्डी से लगभग 60 करोड़ रुपए लिए। हम आरोप नहीं लगा रहे हैं, हम तथ्य बता रहे हैं और हमने इसके सबूत दिखाए हैं। शरद चंद्र रेड्डी की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने 55 करोड़ रुपए का यह चंदा लिया।