दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 7 दिन के लिए ED की रिमांड पर है। आज ED की कस्टडी में उनका तीसरा दिन है। सवाल ये है कि उनके पीछे आम आदमी पार्टी और दिल्ली की सरकार कैसे चलेगी क्योंकि मनीष सिसोदिया और संजय सिंह जैसे पार्टी के बड़े नेता भी जेल में हैं।
शराब घोटाले में गिरफ्तारी के बाद भी अरविंद केजरीवाल CM के पद पर हैं। पार्टी कह रही है कि वे जेल जाते हैं, तो वहीं से सरकार चलाएंगे। हालांकि ये इतना आसान भी नहीं है। फाइलों पर साइन करने से लेकर कैबिनेट मीटिंग तक के लिए उन्हें बार-बार कोर्ट से परमिशन लेनी होगी।
इसके अलावा लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में न सिर्फ दिल्ली की सरकार चलाने की चुनौती है, बल्कि पार्टी को चुनाव की तैयारी भी करनी है। इसका पहला असर 22 मार्च को ही दिख गया। दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की वजह से स्थगित करना पड़ा।
आम आदमी पार्टी के सामने अब तीन सवाल हैं…
- अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद चुनाव में पार्टी का चेहरा कौन होगा?
- क्या केजरीवाल की गिरफ्तारी से पार्टी को भावनात्मक तौर पर फायदा मिलेगा?
- भ्रष्टाचार के आरोपों से पार्टी कैसे बाहर निकलेगी और क्या इसका नुकसान हो सकता है?
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता बन सकती हैं पार्टी का चेहरा
अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के सबसे पॉपुलर फेस हैं। पार्टी उन्हीं के नाम पर चुनाव लड़ती है, उन्हीं के नाम पर वोट मांगती है। पार्टी में सेकेंड लाइन में आम लोगों से जुड़ा कोई बड़ा नेता नहीं है, जिसे सामने किया जा सके। पार्टी को लोकसभा चुनाव से ठीक पहले केजरीवाल की गिरफ्तारी का अंदेशा भी नहीं था।
पार्टी के एक नेता पहचान छिपाने की शर्त पर बताते हैं कि चुनाव में नाम तो अरविंद केजरीवाल का ही रहेगा। अगर उन्हें जमानत नहीं मिलती है, तो सुनीता केजरीवाल पार्टी के लिए प्रचार कर सकती हैं।
पति की गिरफ्तारी के बाद सुनीता केजरीवाल एक्टिव भी दिख रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट की थी। इसमें लिखा कि आपके तीन बार चुने हुए मुख्यमंत्री को मोदी जी ने सत्ता के अहंकार में गिरफ्तार करवाया। ये दिल्ली के लोगों के साथ धोखा है। आपके मुख्यमंत्री हमेशा आपके साथ खड़े रहे हैं। अंदर रहें या बाहर, उनका जीवन देश को समर्पित है।
X पर सुनीता केजरीवाल की ये पोस्ट करीब एक साल बाद आई है। बीते एक साल में उन्होंने सिर्फ पार्टी और दूसरे नेताओं की पोस्ट को ही री-पोस्ट किया है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने पोस्ट कर PM मोदी के खिलाफ बात कही। सोशल मीडिया पर भी इसके बाद चर्चा होने लगी कि सुनीता केजरीवाल पार्टी का चेहरा बन सकती हैं।
अगले दिन 23 मार्च को उन्होंने कैमरे पर आकर अरविंद केजरीवाल का मैसेज पढ़कर सुनाया। वीडियो में वे उसी जगह बैठी दिख रही हैं, जहां से अरविंद केजरीवाल लोगों को मैसेज देते हैं।