फरीदाबाद। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा देशभर में निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर जिले के कांग्रेसियों ने विशाल पदयात्रा का आयोजन किया। यह पदयात्रा सेक्टर-16 स्थित लाला लाजपत राय चौक पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करके आरंभ हुई और विशाल जुलूस के रूप में ओल्ड फरीदाबाद स्थित राजीव गांधी चौक पहुंची, जहां पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के संयोजन वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लखन कुमार सिंगला रहे, जबकि अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष आफताब अहमद द्वारा की गई। इस अवसर पर मुख्य रूप से विधायक नीरज शर्मा, पूर्व विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, पूर्व विधायक ललित नागर, वरिष्ठ कांगे्रसी नेता लखन कुमार सिंगला, विजय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। यात्रा के दौरान कांग्रेसियों ने सोनिया गांधी जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के गगनचुंबी नारे लगाकर पूरे माहौल को कांग्रेसमय कर दिया।