फरीदाबाद, 07 सितम्बर। जी-20 शिखर सम्मेलन के अंतर्गत बृहस्पतिवार को नाइजीरिया का 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय पहुंचा। यहां पहुंचने पर कुलपति डॉ. राज नेहरू और कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के इंडस्ट्री पार्टनर के साथ प्रतिनिधिमंडल ने नाइजीरिया में औद्योगिक विकास और कौशल शिक्षा का तंत्र विकसित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
नाइजीरियन प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. राज नेहरू ने कहा भारत के साथ किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नाइजीरिया के सामने जोखिम नहीं है। भारत के साथ नाइजीरिया आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि हम आपका खुली बाहों से स्वागत करते हैं और हर क्षेत्र में सहयोग करने के लिए तैयार है।
कुलपति डॉ. राज नेहरू ने कहा कि नाइजीरिया निश्चिंत होकर आगे बढ़े। उन्होंने कौशल शिक्षा का तंत्र विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग की पेशकश की। कुलपति डॉ. राज नेहरू ने कहा कि हम इंडस्ट्री के जॉब रोल और जरूरत के हिसाब से मानवीय संसाधन तैयार कर रहे हैं।