फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में मानसून की बरसातों के चलते शहर के मुख्य मार्गाे के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्गाे के हालात भी बद से बदत्तर होने लगे है। राष्ट्रीय राजमार्गाे पर गडढ्े और उनमें बरसाती पानी जमा होने के चलते यहां से आवागमन करने वाले हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो रात के अंधेरे में यह गड्ढे और जलभराव लोगों की जान पर भी भारी पड़ जाते है और सडक़ हादसों का कारण बन जाते है। दरअसल पिछले दिनों हुई बरसात के कारण नेशनल हाईवे पर कई जगहों पर जलभराव हो गया था, जो अभी तक बना हुआ है। दिल्ली मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंदा पानी भरा होने से बल्लभगढ़ के गांव झाड़सेतली के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन यहां पर हादसे भी होते हैं जिनमें लोग घायल हो रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस रोड पर करीब ढाई से 3 फुट के गड्ढे बने हुए हैं, पिछले कई महीनों से इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायत की है लेकिन कोई भी सुनने को तैयार नहीं है। यहां का नजारा देखकर आप समझ जाएंगे कि लोग किस तरह से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों की मानें तो उनकी बहन बेटियां भी त्यौहार पर उनके घर आती हैं तो पहले सीवर के पानी में नहा कर घर तक पहुंचती है और कई बार तो उनको चोट भी लगती है और अब त्योहारों का टाइम है तो कहीं ना कहीं उनके लिए भारी परेशानी बनी हुई है। दरअसल राष्ट्रीय राजमार्गाे को चौड़ा तो कर दिया गया है, लेकिन कई जगहों पर जलनिकासी के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण यहां बरसात का पानी कई-कई दिनों तक भरा रहता है। सीकरी के समीप भी नेशनल हाईवे व सर्विस लेन पर पानी जमा होने से लोग परेशान है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग अथॉरिटी को इस बारे में संज्ञान लेकर इनकी मरम्मत करनी चाहिए और जलनिकासी के इंतजामात करने चाहिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव होने से परेशान हो रहे है गांव झाड़सेंतली के लोग
Deepak Sharma
440 Views
Leave a comment
Leave a comment