पलवल ( अतुल्य लोकतंत्र ): / मुकेश बघेल •
सेवा के अधिकार के अंतर्गत उल्लेखनीय रूप से शिकायतों का समाधान करने में अग्रणी रहे पलवल जिला को सेवा का अधिकार आयोग हरियाणा ने प्रशंसा पत्र प्रदान किया है। आयोग के मुख्य आयुक्त टीसी गुप्ता ने पलवल के उपायुक्त कृष्ण कुमार को प्रशंसा पत्र प्रेषित करते हुए स्थिति को बरकरार रखने के लिए प्रोत्साहित भी किया। इसके लिए उपायुक्त कृष्ण कुमार ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम वर्क से आगे बढऩे पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
सेवा का अधिकार आयोग के मुख्य आयुक्त ने प्रशंसा पत्र देते हुए कहा कि 9.5 स्कोर के साथ 1 नवंबर, 2021 तक पलवल जिला सेवा के अधिकार के तहत दी जा रही सेवाओं को प्रदान करने में आगे रहा है। उन्होंने कहा कि अब हैप्पीनेस रेटिंग में बदलाव किया जा रहा है, जिसके तहत 1 जनवरी, 2022 से अव्वल रहने के लिए स्कोर 9.9 होना चाहिए। अर्थात पांच में से चार शिकायतों का निवारण जरूरी होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उपायुक्त कृष्ण कुमार के नेतृत्व में पलवल जिला यह स्कोर अर्जित करेगा।
उपायुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि सेवा का अधिकार आयोग की ओर से प्रशंसा मिलना गौरवमयी अनुभूति है। निश्चित रूप से इससे सभी अधिकारियों को प्रोत्साहन मिलेगा। सेवा का अधिकार सबके लिए समान रूप से है, जिसे बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए। इस अधिकार के तहत लोगों को महत्वपूर्ण अधिकार दिए गए हैं, जिनकी अनुपालना सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का दायित्व बनता है। पूर्ण ईमानदारी के साथ इस दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि पलवल में सेवा के अधिकार के अंतर्गत आने वाली सेवाओं एवं योजनाओं का पूर्ण लाभ आम जन मानस को दिया जा रहा है। एकजुट प्रयास रहते हैं कि किसी भी नागरिक के अधिकारों का हनन न होने पाये। लोगों की शिकायतोंं और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है। उन्होंने कहा कि सेवा के अधिकार के तहत दी जा रही सेवाओं को और बेहतर रूप में आम लोगों को देंगे। आम जनमानस को किसी भी प्रकार की शिकायत का मौका नहीं दिया जाएगा। पूर्ण ईमानदारी और प्राथमिकता के साथ लोगों की शिकायतों का निपटारा किया जाएगा।
सेवा का अधिकार आयोग के मुख्य आयुक्त ने दिया पलवल के उपायुक्त को प्रशंसा पत्र
Leave a comment
Leave a comment