हरियाणा के CM मनोहर लाल ने नूंह की हिंसा पर मंगलवार को गृह मंत्री अनिल विज और अधिकारियों के साथ मीटिंग की। इस दौरान CM ने कहा कि यह बहुत की दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना के होते ही डीजीपी, पुलिस अधिकारियों को रवाना किया। दोपहर दो बजे की यह घटना है। यह यात्रा हर वर्ष निकलती थी। कुछ लोगों ने षड्यंत्र करके आक्रमण किया। पुलिस पर भी आक्रमण किया और यात्रा को भंग किया गया।
सीएम ने कहा कि बहुत से स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुई। यह एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा है। केंद्र से सुरक्षा बलों की 16 कंपनियां और 30 कंपनियां हरियाणा पुलिस की पहुंची हैं। सबने स्थिति को सामान्य किया है। आसपास के जिलों में भी छिटपुट घटनाएं हुईं, उन पर काबू पा लिया गया।
नूंह में कर्फ्यू लगाया गया है और कुछ जिलों में धारा 144 लगा दी थी। नूंह से बाहर के भी षड्यंत्रकारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।
44 FIR में 70 नामजद
अभी तक 44 FIR हुई हैं। उसमें 70 लोगों को नामजद किया गया है। उन्हें हिरासत में लिया गया। CM ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। दो पुलिस कर्मचारियों और तीन सिविलियन के परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा। पीस कमेटियों की प्रशासन के साथ मीटिंग हुई है। पीस कमेटियों ने शांति की अपील की है।