हरियाणा के बिश्नोई परिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य कार्यकारिणी में एडजस्ट किया गया है। हरियाणा भाजपा ने संगठन विस्तार करते हुए कुलदीप बिश्नोई के साथ उनके बेटे भव्य बिश्नोई और पत्नी रेणुका बिश्नोई को हरियाणा की राज्य कार्यकारिणी में सदस्य नियुक्त किया है। प्रदेश कार्यालय सचिव गुलशन भाटिया की ओर से जारी पत्र में दो प्रवक्ताओं की भी नियुक्ति की गई है।
वंदना और अनिल बने प्रवक्ता
पत्र में हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ की ओर से कहा गया है कि वंदना पोपली और अनिल धनतोड़ी को प्रदेश प्रवक्ता, राष्ट्र दहिया को प्रदेश सह प्रवक्ता और पवन तायल को लघु उद्योग का प्रदेश संयोजक बनाया गया है। बिश्नोई परिवार के अलावा देवेंद्र चावला और अनिल धनतोड़ी को प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य बनाया गया है।
राजस्थान चुनाव प्रचार करेगा बिश्नोई परिवार
भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के बिश्नोई परिवार का राजस्थान चुनाव में प्रयोग करेगी। राजस्थान में बिश्नोईयों का अच्छा प्रभाव है। हरियाणा से लगते राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में बिश्नोई परिवार प्रचार की मुख्य धुरी रहने वाला है। इस कारण से हरियाणा बीजेपी में बिश्नोई परिवार को एडजस्ट किया गया है।
लेखा समिति सदस्य बन चुके हैं भव्य
आदमपुर विधानसभा सीट से नवनिर्वाचित विधायक भव्य बिश्नोई को हरियाणा सरकार पहले ही नई जिम्मेदारी दे चुकी है। भव्य को विधानसभा में लेखा समिति का मेंबर बनाए गए हैं। भव्य वर्ष 2022-23 की शेष अवधि के लिए समिति के मेंबर रहेंगे। हरियाणा विधान सभा सचिवालय द्वारा इस आशय की अधिसूचना जारी की जा चुकी है।