Dehradun/Atulya Loktantra News: उत्तराखंड में राजनीतिक ऊहापोह की स्थिति समाप्त हो गई है , तीरथ सिंह रावत नए मुख्यमंत्री होंगे , उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने त्रिवेंद्र सिंह रावत को बड़ा भाई बताया है।
तीरथ सिंह ने कहा कि उनका पूरा फोकस लोगों के भरोसे पर खरा उतरने पर रहेगा। इसके लिए मुझे सबका सहयोग चाहिए।तीरथ सिंह रावत ने कहा कभी सोचा भी नहीं था कि प्रदेश का मुख्यमंत्री बनूंगा। जो दायित्व मिला है उसे निभाउंगा।
वर्तमान में पौड़ी गढ़वाल के सांसद तीरथ सिंह रावत बोले कि मैं छोटे से गांव से आता हूं। सभी को धन्यवाद दूंगा, मोदी जी के मंत्र सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास को लेकर चलेंगें।
काम करने के लिए 10 दिन क्या दो दिन भी बहुत होते हैं. इसके बाद मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत गर्वनर से मिलने निकल गए हैं। आज शाम को उनका शपथ ग्रहण होगा, उनके साथ छह मंत्री शपथ ले सकते हैं।
उत्तराखंड के नए CM तीरथ सिंह रावत के सामने काफी चुनौतियां खड़ी हैं, जिनका समाधान उनके लिए आसान नहीं होगा। बीजेपी सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत को पार्टी ने उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री बनाया है।
त्रिवेंद्र सिंह रावत को अचानक हटाए जाने के बाद कई नाम सीएम पद की रेस में थे। लेकिन विधानमंडल दल की बैठक के बाद निवर्तमान सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुंह से तीरथ सिंह रावत के नाम का ऐलान सुन हर कोई हैरान रह गया। क्योंकि तीरथ का नाम दूर-दूर तक भी रेस में नहीं था। लेकिन बीजेपी ने उन्हें सीएम बनाने का फैसला लिया है।
तीरथ सिंह रावत के सामने पहली सबसे बड़ी चुनौती उप चुनाव जीतना है। उन्हें चुनाव लड़कर विधानसभा का सदस्य बनना होगा। तभी वो मुख्यमंत्री बने रह सकते हैं। तीरथ गढ़वाल क्षेत्र से किसी विधायक का इस्तीफा लेकर विधायक बन सकते हैं या विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन से खाली हुई सल्ट सीट से भी चुनाव लड़ा जा सकता है।