सम्राट चौधरी बिहार 24वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने लोकभवन में सुबह 11 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बिहार की नई सरकार में जदयू से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने भी शपथ ली। दोनों को डिप्टी CM बनाया गया है। नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में मौजूद थे। बिहार में अभी मंत्रिमंडल का ऐलान नहीं किया गया है।
सम्राट चौधरी के पास गृह समेत 29 विभाग रहेंगे। विजय चौधरी को 10 और बिजेंद्र यादव 8 विभाग मिले हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद यही विभाग बाकी मंत्रियों में बंटेंगे। तब तक तीनों मंत्री ही इनकी जिम्मेदारी संभालेंगे।
मुख्यमंत्री के पिता शकुनी चौधरी ने कहा, ‘कभी-कभी ईश्वर की कृपा होती है। हमने कई पार्टियों के लिए पूरी लड़ाई लड़ी, लेकिन सफलता नहीं मिली। आज अमित शाह, नरेंद्र मोदी और नीतीश की कृपा से सम्राट आगे बढ़ गया। मेहनत रंग लाती है जो मेहनत करेगा वही आगे बढ़ेगा।’
सम्राट चौधरी ने सुबह पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा की थी। शपथ से पहले ही उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। सरकार में बदलाव सोमवार को नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद हुआ। वे अब राज्यसभा सदस्य हैं। वे 20 साल बिहार के CM रहे।
दैनिक भास्कर ने CM फेस के लिए सर्वे किया था, जिसमें 34% लोगों ने सम्राट चौधरी को चुना था। निशांत कुमार 31% के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे। सर्वे 4 से 9 अप्रैल तक चला, जिसमें 47 हजार लोग शामिल हुए थे। हमारे 550 रिपोर्टर्स बिहार के 38 जिलों और 534 प्रखंडों में पहुंचे थे।सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण पर मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा, ‘नई सरकार का गठन हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नए उपमुख्यमंत्री को भी शुभकामना और बधाई है। बिहार में जिस प्रकार से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम होता आया है, बिहार के लिए जो उन्होंने लक्ष्य तय किया था, निश्चित तौर पर सरकार और अधिक ऊर्जा के साथ उस लक्ष्य की प्राप्ति करेगी।’
भाजपा नेता मनन कुमार मिश्रा ने सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण पर कहा, ‘बिहार के लिए बहुत खुशी की बात है कि पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री मिला है और सम्राट चौधरी एक अनुभवी, व्यवहार कुशल और बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। उन्हें सरकार चलाने का लंबा अनुभव है।


