प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस पर धर्म के नाम पर आरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कर्नाटक का उदाहरण देकर कांग्रेस और इंडी अलायंस को घेरा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर की पीठ में छुरा घोंपा है। संविधान की पीठ में छुरा घोंपा है। मोदी ने कांग्रेस के सारे वादों इरादों की पोल खोल दी है।
पीएम मोदी ने मंगलवार को खरगोन और धार में चुनावी सभाएं की। उन्होंने कहा कि मुझे 400 सीटें चाहिए ताकि मैं कांग्रेस और इंडी गठबंधन की हर साजिश को रोक सकूं। उन्होंने कहा कि जब तक मोदी जिंदा है। नकली सेक्युलरिज्म के नाम पर भारत की पहचान मिटाने की कोई भी कोशिश मोदी सफल नहीं होने देगा।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का पाकिस्तान प्यार चरम पर पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन वाले अपनी अपनी विरासत बचाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इंडी वालों की एक फेवरेट कहावत है। आपना काम बनता… भाड़ में जाए जनता…
इस लोकसभा चुनाव में एक महीने के अंदर एमपी का ये 7वां दौरा है। वे एमपी में अब तक 8 जनसभा और 2 रोड शो कर चुके हैं।
कांग्रेस, इंडी गठबंधन की साजिश रोकने चाहिए 400 सीटें
पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले आजकल एक नई अफवाह उड़ा रहे हैं। ये कहते हैं कि मोदी को 400 सीटें मिल गई तो वो संविधान बदल देगा। ऐसा झूठ चलाते हैं। मोदी को 400 सीटें चाहिए ताकि मैं कांग्रेस और इंडी गठबंधन की हर साजिश को रोक सकूं।
कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर की पीठ में छुरा घोंपा
पीएम मोदी ने कहा- इस बार कांग्रेस और उनके सब साथियों को चुन-चुनकर राजनीति से साफ कर देना। ये बाबा साहब अंबेडकर को बड़ी श्रद्धांजलि होगी। क्योंकि उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर की पीठ में छुरा घोंपा है। संविधान की पीठ में छुरा घोंपा है। मोदी ने कांग्रेस के सारे वादों इरादों की पोल खोल दी है।
कांग्रेस का परिवार बाबा साहब अंबेडकर से नफरत करता है
मोदी ने कहा- परिवारवादियों ने अपना महिमा मंडन करने के लिए झूठा इतिहास लिखा और अब ये संविधान को लेकर भी झूठ गढ़ने लगे हैं। कांग्रेस का ये परिवार बाबा साहब अंबेडकर से घोर नफरत करता है। कांग्रेस ने अंबेडकर की राजनीति को खत्म करने की हर साजिश रची।