सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग के मामले में एक और गिरफ्तारी की गई है। अब इस मामले में पुलिस ने कुल 5वीं गिरफ्तारी की है। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार को 5वें आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है, जिसका नाम मोहम्मद रफीक चौधरी है।
सूत्रों के मुताबिक, इसी ने सलमान के घर की रेकी करने में शूटरों की मदद की थी। साथ ही उनके लिए पैसा भी जुटाया था। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को राजस्थान से मुंबई लेकर आ रही है। यहां उसे किला कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस 5 दिन की कस्टडी की मांग कर सकती है।
इससे पहले 25 अप्रैल को क्राइम ब्रांच ने पंजाब से सुभास चंद्र और अनुज थापन को अरेस्ट किया था। वहीं, 15 अप्रैल को गुजरात से दो आरोपी विक्की गुप्ता और सागर पाल को गिरफ्तार किया था। विक्की और सागर ने ही सलमान के घर के बाहर फायरिंग की थी।
14 अप्रैल को सलमान के घर के बाहर सुबह 5 बजे फायरिंग हुई थी। दो बाइक से आए हमलावरों ने 4 राउंड फायर किए। उस समय सलमान घर में ही थे।
पुलिस कस्टडी में एक आरोपी ने की आत्महत्या
1 मई को गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी अनुज थापन ने मुंबई पुलिस की कस्टडी में चादर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अनुज के सुसाइड की जांच राज्य की CID को सौंपी गई है। हालांकि, थापन के भाई अभिषेक ने दावा किया कि पुलिस ने उसकी हत्या कर दी है। वह ऐसा नहीं था, जो आत्महत्या करे। मामले में मृतक के पैतृक गांव के सरपंच मनोज गोदारा ने न्यूज एजेंसी ANI से बात की। उन्होंने कहा कि एक तरफ सुपरस्टार सलमान खान हैं और दूसरी तरफ मजदूर हैं। दबाव में आकर पुलिस ने उसे मार डाला और आत्महत्या का रूप दे दिया।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने फायरिंग केस में 25 अप्रैल को अनुज और सुभाष चंदर को पंजाब से पकड़ा था। दोनों ने इस घटना के लिए हथियार मुहैया कराए थे। दोनों कई सालों से लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर काम कर रहे थे।