दिल्ली शराब घोटाला केस में आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की ज्यूडिशियल कस्टडी 24 नवंबर तक बढ़ गई है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में शुक्रवार (10 नवंबर) को उन्हें पेश किया गया था।
कोर्ट से बाहर निकलते हुए संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को फंसाने की साजिश हो रही है। उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। केजरीवाल के साथ कोई बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी चल रही है।
दिल्ली शराब घोटाला केस में ED ने संजय सिंह को 4 अक्टूबर को अरेस्ट किया था। वे पिछले 38 दिन से हिरासत में हैं। उन्हें 5 अक्टूबर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 अक्टूबर तक रिमांड पर भेजा गया था।
10 अक्टूबर को संजय सिंह की रिमांड और 3 दिन के लिए बढ़ा दी गई। फिर 13 अक्टूबर को कोर्ट ने उन्हें 27 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद उनकी ज्यूडिशियल कस्टडी 10 नवंबर तक बढ़ा दी गई थी।
राउज एवेन्यू कोर्ट ने एक मानहानि केस में संजय सिंह को पंजाब के अमृतसर कोर्ट में पेश करने की इजाजत भी दी है। पंजाब पुलिस ने कोर्ट में प्रोडक्शन वारंट दाखिल किया था। साथ ही कोर्ट ने संजय सिंह को विकास कार्य से जुड़े दो डॉक्यूमेंट्स पर साइन करने की अनुमति दी।