पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मास्टरमाइंड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की अमेरिका में मौत हो गई है। एक अमेरिकी न्यूज चैनल ने दावा किया कि अमेरिका के फेयरमोंट और होल्ट एवेन्यू में मंगलवार (30 अप्रैल) शाम 5:25 बजे गोल्डी बराड़ को गोलियां मारी गईं।
गोल्डी बराड़ अपने एक साथी के साथ घर के बाहर गली में खड़ा था। इसी दौरान कुछ बदमाश आए और गोलियां मारकर भाग गए।
एक चैनल को अमेरिकी पुलिस अधिकारी लैसली विलियम्स ने बताया कि 2 व्यक्तियों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जिसमें से एक की मौत हो चुकी है।
बराड़ के विरोधी गैंगस्टर अर्श डल्ला और लखबीर ने गोल्डी की हत्या की जिम्मेदारी ली है। दोनों ने दावा किया है कि गोल्डी पर उन्होंने दुश्मनी के चलते गोलियां चलवाई हैं। फिलहाल लॉरेंस या अन्य किसी भी गैंगस्टर की इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पढ़ाई के दौरान गोल्डी के चचेरे भाई की हत्या हुई
गोल्डी बराड़ पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला था। उसका जन्म साल 1994 में हुआ, माता पिता ने सतविंदर सिंह नाम रखा था। पिता पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। बेटे को भी पढ़ा-लिखा कर काबिल बनना चाहते थे, लेकिन सतविंदर उर्फ गोल्डी ने अपनी अलग राह चुन ली।
गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की चंडीगढ़ में हत्या हो गई थी। गुरलाल को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक क्लब के बाहर 11 अक्टूबर 2020 की रात गोली मारी गई। वह पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) का छात्र नेता था।
गुरलाल बराड़ लॉरेंस बिश्नोई का सबसे करीबी था। गुरलाल बराड़ और लॉरेंस स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (SOPU) से जुड़े रहे। गुरलाल बराड़ की हत्या के बाद लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि अब नई जंग की शुरुआत है, सड़कों पर खून नहीं सूखेगा।


