कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर से बिजनेसमैन गौतम अडाणी पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली में 14 मिनट की एक प्रेस कांफ्रेंस की। जिसमें कहा- अडाणी ने 32 हजार करोड़ का घोटाला किया है। आज महंगी बिजली के पीछे अडाणी हैं। उन्होंने जनता की जेब से पैसे लूटे हैं।
इन आरोपों में BJP सरकार को घेरते हुए राहुल बोले- अडाणी में ऐसा क्या है जो सरकार उनकी जांच नहीं कराती है। उन्हें जो चाहिए होता है, वो मिल जाता है। उनके पीछे किसकी शक्ति है।
इंडोनेशिया से कोयला भारत आते दोगुना महंगा हो जाता है
राहुल ने अडाणी पर आरोप लगाते हुए एक न्यूज आर्टिकल भी दिखाया। कांग्रेस नेता ने आगे कहा- अडाणी इंडोनेशिया में कोयला खरीदते हैं और जब तक कोयला भारत आता है, तब तक इसकी कीमत दोगुनी हो जाती है।
भारत में बिजली के दाम बढ़ाए गए, गरीब का पैसा अडाणी की जेब में गया
कोयले के दाम को बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया। जिसके चलते भारत में बिजली महंगी हो गई। कर्नाटक में कांग्रेस ने बिजली सब्सिडी दी है। मध्यप्रदेश में देने जा रहे हैं। आपका बिजली का बिल जो बढ़ रहा है उसका पैसा सीधे आपकी जेब से अडाणी की जेब में जा रहा है। इस तरह से अडाणी जी ने करीब 12 हजार करोड़ रुपए सीधे हिंदुस्तान के नागरिकों की जेब से निकाला है।
विदेशी अखबार के पास डॉक्यूमेंट्स, SEBI को मिल नहीं रहे
राहुल ने जांच एजेंसी SEBI पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि सेबी ने सरकार को कहा- हमें डॉक्यूमेंट्स नहीं मिल रहे हैं। अजीब बात है फाइनेंशियल टाइम्स के पास प्रूफ है। जांच एजेंसी के पास नहीं। साफ पता चलता है बड़े पद पर बैठे लोगों से कहीं न कहीं संरक्षण मिला है।