देश के 14 राज्यों में रविवार से शुरू हुआ बारिश का दौर आज सोमवार को भी जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में आज बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है। वहीं, केरल, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बरसात हो सकती है।
गुजरात, गोवा, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में लू का असर रहेगा। इन राज्यों का मौजूदा तापमान 43 डिग्री तक पहुंच चुका है। रविवार को सबसे ज्यादा 44.5 डिग्री तापमान आंध्र प्रदेश के नंदयाल में रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य महाराष्ट्र में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। इसके अलावा 9 से 12 अप्रैल के बीच केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में बारिश हो सकती है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर भारत में इस सप्ताह दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस टकराने वाले हैं। जिससे उत्तर भारत का तापमान एक बार फिर करवट लेगा। पहला वेस्टर डिस्टर्बेंस 10 अप्रैल और दूसरा 13 अप्रैल को एक्टिव होगा।
मौसम विभाग की तरफ से जारी जानकारी के अनुसार उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश में 10 से 13 अप्रैल तक बारिश होने की संभावनाएं बनी हुई हैं। वहीं, पंजाब और चंडीगढ़ में 13 अप्रैल को बारिश होने के आसार बन रहे हैं। फिलहाल कुछ दिन पंजाब व चंडीगढ़ में मौसम खुश्क ही रहेगा और गर्मी बढ़ेगी।
मध्यप्रदेश में एक बार फिर ओले-बारिश और तेज हवा का दौर शुरू हो गया है। रविवार की शाम भोपाल में तेज बारिश हुई। वहीं, सिवनी और बालाघाट के मलाजखंड में भी बूंदाबांदी हुई, जबकि रात में गुना, अशोकनगर, सीहोर, शाजापुर, बैतूल, नर्मदापुरम, सागर, राजगढ़, बालाघाट, डिंडोरी, विदिशा, रायसेन, धार, देवास, इंदौर, पांढुर्णा और मंडला जिलों में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रहा।
बिहार में अब गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। तापमान 40 के करीब पहुंचने लगा है। हालांकि, आज और कल पटना समेत 14 जिलों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 14 जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी।