Russia Ukraine Conflict: यूक्रेन से जारी विवाद के बीच रूस ने युद्ध का एलान कर दिया है। दोनों देशों में बढ़ते तनाव के बीच आज गुरुवार को विशेष विमान के जरिए 182 भारतीय नागरिकों को नई दिल्ली पहुंचाया गया है। इससे एक दिन पहले करीब 240 भारतीयों ने सुरक्षित स्वदेश वापसी की थी। हालांकि अभी भी बड़ी संख्या में भारतीय यूक्रेन में फंसे हुए हैं और सुरक्षित भारत वापस आने की गुहार लगा रहे हैं।
भारत में यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस (Ukraine International Airlines) के एक अधिकारी ने बताया कि यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस (UIA) की एक स्पेशल फ्लाइट राजधानी कीव से दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह 7:45 बजे 182 भारतीय नागरिकों के साथ उतरी है। वहीं, एअर इंडिया (Air India) भी भारतीय मूल के लोगों को वापस लाने में जुटी हुई है। इस बीच एअर इंडिया की दूसरी विशेष उड़ान उड़ान AI- 1947 आज सुबह यूक्रेन के बॉरिस्पिल हवाई अड्डे के लिए रवाना हुई है।