तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने रविवार को पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों पर अपने कैंडिडेट्स की घोषणा कर दी। पार्टी ने बहरामपुर सीट से कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ क्रिकेटर यूसुफ पठान को उतारा है।
इसके अलावा आसनसोल से अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और दुर्गापुर से पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद का नाम शामिल है। TMC ने बशीरहाट लोकसभा सीट से एक्ट्रेस नुसरत जहां और जादवपुर सीट से एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती का टिकट काट दिया है।
TMC ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए 16 मौजूदा सांसदों को टिकट दिया है। इनमें 12 महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े चेहरे रचना बनर्जी को हुगली और दीपक अधिकारी देव को घाटल से टिकट दिया है।
BJP से TMC में वापस आए अर्जुन सिंह का टिकट कटा, मंच छोड़कर गए
बैरकपुर से लोकसभा का टिकट नहीं मिलने पर TMC नेता अर्जुन सिंह बीच में ही ममता का मंच छोड़ कर चले गए। 2019 के लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद अर्जुन ने भाजपा का दामन थाम लिया था। TMC के दिग्गज नेता दिनेश त्रिवेदी ने इन्हें बैरकपुर सीट से हराया था।
हालांकि, 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले त्रिवेदी भी भाजपा में शामिल हो गए थे, जिसके बाद यहां तृणमूल के पास कोई बड़ा चेहरा नहीं बच। इसके बाद अर्जुन सिंह 22 मई 2022 को भाजपा छोड़कर वापस TMC में आ गए। कयास लगाए जा रहे थे कि अर्जुन को बैरकपुर से टिकट मिलेगा, लेकिन उनकी जगह पार्थ भौमिक को टिकट दे दिया गया।