सीतापुर में युवक ने अपने परिवार को खत्म कर दिया। मां को गोली मारी। पत्नी को गोली मारने के बाद सिर हथौड़े से कूच दिया। 3 बच्चों को छत से फेंक कर मार दिया। फिर घर के बाहर आया, खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। मामला थाना रामपुर के पालापुर गांव का है।
युवक गांव में रहकर 100 बीघा जमीन पर खेती करता था। पत्नी लखनऊ में एक इंश्योरेंस कंपनी में नौकरी करती थी। 3 बच्चों को लेकर अलीगंज के सरगम कॉम्प्लेक्स में रहती थी। तीनों बच्चे लखनऊ में CMS की अलीगंज ब्रांच में पढ़ते थे। शुक्रवार सुबह ही पत्नी बच्चों को लेकर गांव पहुंची थी।
सीतापुर एसपी चक्रेश मिश्रा ने कहा- 45 साल के अनुराग ने पत्नी प्रियंका (40), तीन बच्चे अरना (12), अरवी (7), आद्विक (8) और 62 साल की मां सावित्री सिंह की हत्या कर दी।फिर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया।
भाई ने खुद को कमरे में बंद कर लिया
वारदात के वक्त हत्यारोपी अनुराग का भाई अजीत भी घर में था। उसने तीसरी मंजिल में बने कमरे में खुद को बंद कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उसने बताया- आज सुबह घर में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मैं कमरे से बाहर आया, तो अनुराग दिखा। अनुराग उसकी तरफ दौड़ा तो उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया।
इस भयावह हत्याकांड की वजह क्या है? यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। पुलिस भी अभी सिर्फ जांच की बात कह रही है। ग्रामीणों से बातचीत में 3 वजह सामने आई है।
पहला- शराब छुड़ाने के लिए पत्नी और मां अनुराग को नशा मुक्ति केंद्र भेजना चाहती थीं। इसको लेकर घर में विवाद होता रहता था।
दूसरा- नशे के चक्कर में खेती पर ध्यान न देना। इस बात को लेकर घर में विवाद हुआ होगा।
तीसरा- पिता की पिछले साल मौत हो चुकी थी। दोनों भाइयों के बीच खेती की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
ग्रामीणों ने बताया- सुबह 5 बजे गांव वालों ने गोलियों की आवाज सुनी। वह अपने घर से बाहर निकलकर आए। अनुराग की लाश घर के बाहर पड़ी थी। घर के अंदर गए तो आंगन में 3 बच्चे खून से लथपथ पड़े थे। ऐसा लग रहा था जैसे उन्हें छत से फेंका गया हो। उनके सिर से खून निकल रहा था।
ग्राउंड फ्लोर के कमरे में बेड पर अनुराग की मां की लाश पड़ी थी। फर्स्ट फ्लोर के बरामदे पर चारपाई पर पत्नी की डेडबॉडी थी। उसके हाथ में खून से सना हुआ हथौड़ा था। सिर से खून निकल रहा था। ऐसे लग रहा था कि पत्नी के सिर पर हथौड़े से वार किए गए हैं।
गांव वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया। क्राइम स्पॉट को सील कर जांच की जा रही है।

