फरीदाबाद, 29 अक्टूबर। फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सीही के वाल्मीकि में महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकटोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में प्रदेश कांग्र्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदयभान ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लखन कुमार सिंगला ने किया। आयोजन समिति में सूरजमान सहित वाल्मीकि समाज के गणमान्य लोग मौजूद थे। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने सर्वप्रथम भगवान वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि ने रामायण जैसे धार्मिक ग्रंथ की रचना करके न केवल देश बल्कि पूरे विश्व में एक अमिट पहचान स्थापित की। इस धार्मिक ग्रंथ को आज भी लोग पूरी श्रद्धा और भावनाओं के साथ देखते है। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी ने महाकाव्य रामायण में आध्यात्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक ज्ञान देकर समस्त मानव जाति पर किया उपकार। उनकी शिक्षाएं मनुष्य का मार्गदर्शन करने में हमेशा सार्थक सिद्ध हुई है, भगवान वाल्मीकि ने रामायण में अश्वमेघ यज्ञ का घोड़ा लव ओर कुश द्वारा पकड़े जाने की घटना लिखकर मानव जाति को शिक्षा, संघर्ष और अन्याय के सामने कभी न झुकने का संदेश भी दिया है।