रूस ने गुरुवार को पूर्वी यूक्रेन में एक गांव के कैफे-स्टोर पर रॉकेट हमला किया। हमले में 50 नागरिकों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की के अनुसार यह हाल ही के महीनों में रूस का सबसे घातक हमला है। उन्होंने कहा इसका जवाब देंगे।
यह हमला ऐसे समय किया गया जब जेलेंस्की ने समर्थन जुटाने के लिए स्पेन में 50 यूरोपीय नेताओं की समिट में भाग लिया।
कैफे में करीब 60 लोग जमा थे
जेलेंस्की ने ह्रोजा गांव में हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह रूस का जानबूझकर किया गया आतंकवादी हमला है। राष्ट्रपति के चीफ ऑफ स्टाफ एंड्री यरमक और खार्किव गॉव ओलेह सिनीहुबोव ने कहा कि हमले से मारे गए लोगों में एक 6 साल का बच्चा भी शामिल है। उत्तरपूर्वी खार्किव क्षेत्र में स्थित ह्रोजा गांव की आबादी युद्ध से पहले करीब 500 थी।
आंतरिक मामलों के मंत्री इहोर क्लिमेंको ने राष्ट्रीय टीवी पर कहा कि कैफे में करीब 60 लोग एक अंतिम संस्कार के बाद जागरण में भाग ले रहे थे। कीव से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, गांव पर इस्केंडर मिसाइल से हमला किया गया। इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम हमले का शिकार बनी बिल्डिंग्स के मलबे में खोजबीन कर रही हैं।
तस्वीरों में खून से सने शव दिखे
यूक्रेनी प्रोसिक्यूटर्स ने हमले के बाद की तस्वीरें जारी कीं। इसमें खून से सने शव दिखाई दे रहे हैं। साथ ही इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम के मेंबर्स बिल्डिंग्स के सुलगते मलबे में छानबीन करते दिख रहे हैं।
रूस ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध की शुरुआत में ह्रोजा और पूर्वी खार्किव के अन्य हिस्सों पर कब्जा कर लिया था।सितंबर 2022 में यूक्रेन ने इन इलाकों पर फिर से कब्जा कर लिया। यह गांव कुपियांस्क से केवल 30 किलोमीटर (19 मील) पश्चिम में स्थित है।
जेलेंस्की ने मंगलवार को सैनिकों से मिलने और पश्चिमी देशों के दिए इक्वीपमेंट्स का निरीक्षण करने के लिए इलाके का दौरा किया था।
रूसी आतंक को रोका जाए- जेलेंस्की
गुरुवार को जेलेंस्की स्पेन के ग्रेनाडा में यूरोपीय राजनीतिक समुदाय की एक समिट में थे। यहां उन्होंने अधिक पश्चिमी समर्थन की मांग करते हुए कहा कि रूसी आतंक को रोका जाना चाहिए। यह समुदाय फरवरी 2022 में बना है जब रूस ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया था।
जेलेंस्की ने अपने टेलीग्राम चैनल पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा हम यूरोपीय नेताओं के साथ विशेष रूप से हमारी वायु रक्षा को मजबूत करने, हमारे सैनिकों को मजबूत करने, हमारे देश को आतंक से सुरक्षा देने के बारे में बात कर रहे हैं।