रूस और चीन साथ मिलकर समुद्र के अंदर एक सीक्रेट सुरंग बनाने पर चर्चा कर रहे हैं। 17 किलोमीटर (11 मील) लंबी यह सुरंग रूस को क्रीमिया से जोड़ेगी। वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक दोनों देशों के बिजनेसमैन ने रूस-क्रीमिया टनल प्रोजेक्ट पर बातचीत की है।
रूस और चीन की नजदीकियां किसी से छुपी नहीं हैं, लेकिन यहां हैरानी की बात यह है कि चीन एक ऐसे इलाके में प्रोजेक्ट पर रूस का साथ देने की सोच रहा है, जिसे वो मान्यता नहीं देता। दरअसल, रूस ने 2014 में क्रीमिया पर कब्जा कर लिया था। चीन ने अब तक इस कब्जे को मान्यता नहीं दी है। आसान शब्दों में कहें तो चीन अब भी क्रीमिया को रूस का हिस्सा नहीं मानता है।
8 अक्टूबर 2022 को यूक्रेन ने कर्च ब्रिज पर हमला किया था
रिपोर्ट के मुताबिक, रूस और चीन समुद्र के अंदर जिस सीक्रेट सुरंग को बनाने पर चर्चा कर रहे हैं, उसे कर्च ब्रिज के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, रूस-यूक्रेन जंग के बीच 8 अक्टूबर 2022 को यूक्रेनी सैनिकों ने कर्च ब्रिज पर हमला कर दिया था। धमाके में पुल का एक हिस्सा गिर गया था।