अमेरिकी सेना का विमान CV-22 ऑस्प्रे बुधवार 29 नवंबर को क्रैश हो गया। इंजन में आग लगने के बाद यह जापान के याकुशिमा द्वीप के पास समुद्र में गिरा। विमान में 6 लोग सवार थे। इसके पहले खबर थी कि विमान में 8 लोग सवार थे।
BBC के मुताबिक, मछुआरों ने समुद्र किनारे एक शख्स को रेस्क्यू किया है। हालांकि उसकी हालत के बारे में जानकारी नहीं दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक याकुशिमा द्वीप के पास विमान का मलबा भी मिला है।जापानी मीडिया NHK के मुताबिक, अमेरिकी सेना का विमान याकुशिमा एयरपोर्ट पर लैंड होने वाला था।
6 बोट रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए भेजी गईं
जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव हिरोकाज़ु मात्सुनो ने कहा- विमान यामागुची के इवाकुनी बेस से ओकिनावा के कडेना बेस की ओर जा रहा था। दोपहर 2:40 (भारतीय समय के मुताबिक, दोपहर 11:10 बजे) विमान रडार से गायब हो गया था।
इसके 7 मिनट बाद ही कोस्ट गार्ड को प्लेन के क्रैश होने की खबर मिली। जापानी मीडिया NHK के मुताबिक, क्रैश की खबर मिलते ही 2 हेलिकॉप्टर और 6 बोट रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए भेजी गईं।
ऑस्प्रे के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है
रॉयटर्स के मुताबिक, जापान में ऑस्प्रे की तैनाती को लेकर बहस छीड़ी थी। इसी तैनाती का विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि ऑस्प्रे के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। हालांकि अमेरिकी और जापानी सेना का कहना है कि ऑस्प्रे बिलकुल सुरक्षित उड़ान भरता है।
ऑस्प्रे विमान को बोइंग (BA.N) और बेल हेलीकॉप्टर ने मिलकर बनाया है। यह हेलीकॉप्टर और फिक्स्ड-विंग विमान दोनों की तरह उड़ान भर सकता है। अमेरिकी नौसेना और जापान सेना दोनों इसका इस्तेमाल करती हैं।