इसरो यानी इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेश ने शुक्रवार (1 सितंबर) दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर सोलर मिशन आदित्य L1 की लॉन्चिंग का 23 घंटे 40 मिनट का काउंटडाउन शुरू कर दिया है। आदित्य L1 को कल (2 सितंबर) सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर PSLV XL रॉकेट के जरिए श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च किया जाएगा।
मिशन की लॉन्चिंग से पहले इसरो चीफ एस सोमनाथ ने शनिवार (1 सितंबर) को आंध्र प्रदेश के चेंगलम्मा परमेश्वरी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना की।
इससे पहले सोमवार 28 अगस्त को इसरो चीफ एस सोमनाथ ने तमिलनाडु के सुल्लुरपेटा में श्री चेंगलम्मा परमेश्वरी मंदिर में पूजा की। उन्होंने बताया कि किसी भी मिशन की लॉन्चिंग से पहले इसरो के साइंटिस्ट इस मंदिर में आते हैं। यह पंरपरा पिछले 15 सालों से चली आ रही है।
30 अगस्त को इसरो चीफ एस सोमनाथ ने कहा था कि आदित्य L1 की लॉन्चिंग की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। रॉकेट और सैटेलाइट तैयार हैं। हमने लॉन्चिंग के लिए रिहर्सल भी कर ली है। मिशन को सटीक दायरे तक पहुंचने में 125 दिन लगेंगे।
वहीं, इसरो ने कहा- व्हीकल के इंटरनल चेक पूरे कर लिए गए हैं। ये करीब 4 महीने में पृथ्वी से 15 लाख किलोमीटर दूर लैगरेंज पॉइंट-1 यानी L1 पॉइंट तक पहुंचेगा। आदित्य स्पेसक्राफ्ट, L1 पॉइंट के चारों ओर घूमकर सूर्य पर उठने वाले तूफानों को समझेगा। इसके अलावा मैग्नेटिक फील्ड और सोलर विंड जैसी चीजों की स्टडी करेगा। आदित्य में प्रयोग के लिए 7 पेलोड लगे हैं।