देश के 15 राज्य ठंड और घने कोहरे की चपेट में हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 26 दिसंबर से 30 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा।
यहां विजिबिलिटी रेंज 50 मीटर तक रहने की आशंका है।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ जगहों पर विजिबिलिटी जीरो हो गई है। उधर, दक्षिण भारत में 31 दिसंबर तक बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग ने बताया कि केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और लक्षद्वीप में आज से अगले 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दिल्ली के पालम में मंगलवार (26 दिसंबर) सुबह 5:30 बजे जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। लो विजिबिलिटी के कारण IGI एयरपोर्ट पर 30 फ्लाइट्स लेट हो गईं।
सुबह 6 बजे से 10 बजे तक 11 फ्लाइट्स को जयपुर और एक विमान लखनऊ डायवर्ट किया गया। रेलवे ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 14 ट्रेनें भी लेट हुई हैं।