देश के मैदानी इलाकों में तेज गर्मी जारी है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और दिल्ली में कई जगह पारा 44°C पार पहुंच गया है। कई जगह लू का भी अलर्ट है।
मध्य प्रदेश के भोपाल में पहली बार रात में लू चलने की चेतावनी दी गई है। भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रतलाम और छतरपुर समेत 16 जिलों में लू चलने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश में प्रयागराज में 44.4°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा। गर्मी को देखते हुए 8वीं तक के स्कूलों का टाइम बदल दिया गया है। झारखंड में भी आज से स्कूलों के समय में बदलाव किया है।
महाराष्ट्र के गोंदिया और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार को पारा 43°C दर्ज हुआ। दोनों जिलों में दोपहर 12:30 बजे से 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को चौराहों पर धूप में खड़ा न रहना पड़े।
दोनों ही राज्यों में दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में काम करने पर रोक लगा दी गई है। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के काम के घंटे बदलकर सुबह 6 से 11 और शाम 4 से 8 बजे कर दिए गए हैं। कंस्ट्रक्शन वर्कर, स्ट्रीट वेंडर भी इसी वक्त काम करेंगे।
असम की राजधानी गुवाहाटी के खानापारा इलाके में 21.59 सेमी बारिश दर्ज की गई। गुवाहाटी में मूसलाधार बारिश के बाद सोमवार को बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और एक महिला की मौत हो गई। हालात को देखते हुए सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
पूर्वोत्तर भारत में अगले 15 दिनों में एशिया में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और नगालैंड में इस हफ्ते भारी बारिश की आशंका है।
अनुमान है कि 20 से 22 अप्रैल के बीच कई इलाकों में तेज बारिश होगी, जबकि 23 अप्रैल को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 24 अप्रैल से फिर बारिश की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं।


