केंद्र सरकार ने गुरुवार को संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल से जुड़े संशोधन बिल पेश किए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी स्पीच के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को अपना दोस्त कहा। इस पर अखिलेश ने हाथ जोड़ लिए। प्रियंका गांधी ने शाह को देखते हुए कहा- अगर चाणक्य जिंदा होते तो आपको देखकर चौंक जाते। शाह मुस्कुराने लगे।
PM मोदी की स्पीच के दौरान सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने अपनी चेयर से खड़े होकर कहा- आप भी पिछड़ी जाति से हैं। पिछड़ों का ध्यान नहीं रखते।
ये पूरा देश देख रहा है। इस पर मोदी ने कहा- धर्मेंद्र जी, मैं आपका बहुत आभारी हूं कि आपने मेरी पहचान करा दी। ये बात सही है कि मैं अति पिछड़े समाज से आता हूं और अखिलेश जी मेरे मित्र हैं तो कभी-कभी मदद कर देते हैं।
PM की बातों सुनकर सपा सांसद अखिलेश यादव हंसे और हाथ जोड़कर झुके। अखिलेश के पीछे बैठी उनकी पत्नी और सपा सांसद डिंपल यादव भी मुस्कुराती नजर आईं।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने परिसीमन बिल के खिलाफ बोलते हुए कहा- भाजपा लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाकर अगले चुनाव के लिए अपनी पार्टी की मजबूती का ढांचा तैयार कर रही है। गृह मंत्री जी हंस रहे हैं। उन्होंने पूरी योजना बना रखी है। आज अगर चाणक्य जिंदा होते तो आपकी राजनीतिक कुटिलता देखकर वो भी चौंक जाते।
प्रियंका ने आगे कहा- राजनीति में कुटिल होना एक तरफ है। शायद हमें और थोड़ा होना भी चाहिए, लेकिन सत्ता में रहने की महत्वकांक्षा को अलग रखकर देश हित में सही निर्णय लेना अलग बात है। मोदी जी से इसकी उम्मीद नहीं कर सकते।
लोकसभा में बिल पेश होने के तुरंत बाद, कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने इसका विरोध किया। स्पीकर ओम बिरला ने कहा- अभी बिल के इंट्रोडक्शन पर बोलना है। बिल पास थोड़ी हो रहा है। आप बाद में जितने घंटे समय मांगेंगे, मैं उतने घंटे दूंगा।
इस पर शाह ने खड़े होकर अध्यक्ष ओम बिरला से कहा- अभी सदन के सदस्य बिल के मेरिट्स पर कैसे बोल सकते हैं। अभी सिर्फ तकनीकी ऑब्जेक्शन पर ही बोलना है। आप ज्यादा दयालु हैं। उनको ज्यादा समय दीजिएगा। हम भी कसकर जवाब देंगे।
शाह के टोकने के बाद वेणुगोपाल ने फिर से बोलना शुरू किया तो राहुल ने माइक की तरफ इशारा करते हुए कहा- आपका माइक बंद है। इस पर स्पीकर ने कहा- माइक चालू है। आपका ही माइक बंद होता है। इनका बंद नहीं होता। इसके बाद राहुल और बिरला, दोनों मुस्कुराने लगे।
PM ने महिला आरक्षण बिल पर कहा- हम उस भ्रम में न रहें कि हम देश की नारी शक्ति को कुछ दे रहे हैं। यह उनका हक है। हमने तीन दशकों से इसे रोक रखा है। आज उस पाप से मुक्ति पाने का मौका है।
PM की स्पीच के दौरान विपक्षी सांसदों ने पूछा- ये 2024 में क्यों नहीं हुआ। इस पर PM ने कहा- यहां कुछ लोगों को लगता है कि इसमें कहीं न कहीं मोदी का स्वार्थ है। विपक्षी सांसदों ने कहा- हां है। विपक्ष ने फिर हंगामा किया तो मोदी ने अपने सांसदों से कहा- इनके बोलने दीजिए। वहां पर मुंह पर ताला लगा है। वहां उनको कोई बोलने नहीं देता।


