पंजाब कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (AAP) और राज्य के CM भगवंत मान पर राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है। दरअसल, 28 सितंबर को पंजाब पुलिस ने कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को 8 साल पुराने ड्रग्स तस्करी केस में गिरफ्तार किया है।
सुखपाल की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने कहा- भगवंत मान सरकार कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है। वो हमारे नेताओं को टारगेट कर रही है। हालांकि AAP ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा- खैहरा के खिलाफ कार्रवाई कानून के अनुसार की गई थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल से जब मीडिया ने पूछा- पंजाब के कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी के बाद इंडिया गठबंधन का भविष्य क्या होगा? इस पर केजरीवाल ने कहा- मैंने इसके बारे में सुना है। मुझे केस की जानकारी नहीं है। आप I.N.D.I.A गठबंधन से जुड़ी रहेगी। हम गठबंधन धर्म पूरी तरह निभाएंगे।